छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने सोमवार को कहा कि उनके घर पर ईडी की रेड बीजेपी की ‘हैरानी और बौखलाहट’ का नतीजा है. बघेल का दावा है कि ईडी (Enforcement Directorate) को उनके घर से 32-33 लाख रुपये नकद मिले, जहां वो अपनी पत्नी, तीन बेटियों, बेटे, बहू और नाती-पोतियों के साथ रहते हैं. उन्होंने कहा, ‘ये कोई बड़ी बात नहीं है. मेरा परिवार बड़ा है, हम 140 एकड़ में खेती करते हैं और दूसरी कमाई के जरिए भी हैं. हम इसका पूरा हिसाब देंगे.’
बीजेपी पर लगाया आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने ये भी कहा कि ईडी को उनके घर से कुछ कागजात मिले, जो बीजेपी नेताओं से जुड़े मामलों के हैं, इसके अलावा कुछ नहीं मिला. उनका आरोप है कि ये रेड उन्हें पंजाब का कांग्रेस प्रभारी बनाए जाने के बाद ‘हतोत्साहित’ करने के लिए की गई. दरअसल, ईडी ने भिलाई में बघेल के घर पर छापा मारा, जो उनके बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े कथित शराब घोटाले की मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा था. सूत्रों के मुताबिक, चैतन्य के करीबी माने जाने वाले लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर भी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत तलाशी हुई.
बीजेपी की बौखलाहट
चैतन्य अपने पिता के साथ भिलाई में ही रहते हैं और ईडी को शक है कि वो शराब घोटाले की ‘कमाई का लाभार्थी’ हैं. ईडी के जाने के बाद बघेल ने पत्रकारों से कहा, ‘ये कार्रवाई बीजेपी की बौखलाहट दिखाती है. ये लोग किसी भी हद तक जा सकते हैं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में सवाल पूछना अब ‘अपराध’ बन गया है. पहले पार्टी नेता कवासी लखमा ने सवाल उठाया था, तो 8 दिन में ही ईडी ने उन्हें जेल भेज दिया.
शराब घोटाले की जांच
पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि शराब घोटाले की जांच को तीन साल हो गए, लेकिन न तो ईडी ने अंतिम रिपोर्ट दी, न ही चार्ज फ्रेम किए. उन्होंने हाल ही में विधानसभा के बजट सत्र में डिप्टी सीएम विजय शर्मा से गरीबों के लिए हाउसिंग स्कीम पर सवाल किया था. इसके चार दिन बाद ही ईडी उनके घर पहुंच गई. बघेल का ये भी दावा है कि 7 साल पुराने कथित सेक्स सीडी मामले में रायपुर की सीबीआई कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया, जिससे बीजेपी और परेशान है. उन्होंने कहा, ‘इन दो वजहों से बीजेपी बहुत गुस्से में है और मेरे खिलाफ ये सब कर रही है.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.