झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, लंबे समय से थे बीमार

Shibu Soren Death: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन हो गया, उनके बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने इसकी पुष्टि की.

Published date india.com Updated: August 4, 2025 10:12 AM IST
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, लंबे समय से थे बीमार

Shibu Soren Death: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उन्होंने 81 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली. पिछले एक महीने से वे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे और दिल्ली के अस्पताल में भर्ती थे. उनके बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने इसकी पुष्टि की है.

सीएम हेमंत सोरेन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं. आज मैं शून्य हो गया हूं.’ वहीं, दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल की ओर से बताया गया कि शिबू सोरेन को आज सुबह 8:56 बजे मृत घोषित कर दिया गया. लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया. वे किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक भी हुआ था.

आदिवासी अधिकारों के लिए किया लंबा संघर्ष

शिबू सोरेन, जिन्हें सम्मानपूर्वक ‘दिशोम गुरु’ कहा जाता था, आदिवासी समाज के एक सशक्त और प्रभावशाली नेता माने जाते थे. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1970 के दशक में झारखंड आंदोलन से की थी. यह आंदोलन न केवल अलग राज्य की मांग को लेकर था, बल्कि आदिवासी अधिकारों, जमीन और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए भी था.

केंद्र और राज्य सरकारों में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे

उन्होंने झारखंड के लिए एक अलग पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और JMM की नींव रखी. राज्य गठन से पहले और बाद में, शिबू सोरेन ने कई बार केंद्र और राज्य सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया. वे न केवल झारखंड के मुख्यमंत्री बने बल्कि केंद्रीय कोयला मंत्री के रूप में भी सेवा दे चुके थे.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जाना था हालचाल

हाल के वर्षों में शिबू सोरेन स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे. उन्हें श्वसन और किडनी से संबंधित दिक्कतों के कारण ICU में भर्ती किया गया था. पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल संतोष गंगवार और कई केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लिया था.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

राज्य की नींव को मजबूत किया

शिबू सोरेन का निधन झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में एक गहरा खालीपन छोड़ गया है. वे न केवल एक नेता थे, बल्कि हजारों आदिवासियों के लिए उम्मीद और संघर्ष का प्रतीक थे. उनके संघर्षों के कारण ही आज झारखंड एक अलग राज्य के रूप में पहचान रखता है. उनकी विचारधारा और नेतृत्व ने राज्य की नींव को मजबूत किया.

उनके निधन के बाद राज्यभर में शोक की लहर है. JMM कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और आम जनता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. शिबू सोरेन की राजनीतिक विरासत अब उनके बेटे हेमंत सोरेन संभाल रहे हैं, जो राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.