शर्मनाक: 3 साल की मासूम से दरिंदगी, रेप केस दबाने के लिए पंचायत ने आरोपी से लिए पैसे और की शराब-मटन पार्टी!

पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है. अब पंचायत में शामिल लोगों और केस दबाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है.

Written by: Farha Fatima
Updated: July 13, 2026, 2:16 PM IST
  • झारखंड के गुमला में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया.
  • आरोप है कि गांव की पंचायत ने मामला दबाने के लिए आरोपी पर जुर्माना लगाया.
  • वसूले गए 20 हजार रुपये से शराब और मटन पार्टी किए जाने का आरोप है.
  • पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पंचायत में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

झारखंड के गुमला जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित पलमा गांव में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक घटना के बाद गांव की पंचायत ने मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपी से तत्काल 20 हजार का जुर्माना वसूला और इससे शराब एवं मटन पार्टी की. IANS की खबर के मुताबिक, तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद गांव की पंचायत पर मामला दबाने का आरोप लगा है. आरोपी से जुर्माना वसूलने के बाद उसी पैसे से शराब और मटन पार्टी करने की बात सामने आई है. इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया. अब गैरकानूनी पंचायत बुलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है. घटना बीते शनिवार, 11 जुलाई 2026 की है, जब पलमा गांव के ही रहने वाले दरिंदे सुनील लोहरा ने तीन वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया और उसके साथ बर्बरता की.

गांव में ही एक गुपचुप पंचायत बुला ली

जब इस घटना की जानकारी गांव के कुछ रसूखदारों को लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना देने या पीड़ित परिवार को कानूनी न्याय दिलाने के बजाय, रविवार 12 जुलाई को गांव में ही एक गुपचुप पंचायत बुला ली. इस पंचायत का मुख्य उद्देश्य पीड़ित को न्याय दिलाना नहीं, बल्कि पूरे मामले को रफा-दफा करना था. पंचायत में बैठे दबंगों ने अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए मासूम के जख्मों की कीमत लगा दी और आरोपी सुनील लोहरा पर एक लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना ठोकने का फरमान सुना दिया.

1 लाख वसूलने का प्लान

दबंगों ने आरोपी से मौके पर ही 20 हजार रुपये नकद वसूल लिए और शेष 80 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि एक सप्ताह के भीतर हर हाल में चुकाने की सख्त मोहलत दे दी. लेकिन, संवेदनहीनता का सबसे वीभत्स रूप इसके बाद देखने को मिला. पीड़ित परिवार और तड़पती हुई मासूम बच्ची के चीख-पुकार को पूरी तरह दरकिनार कर, पंचायत के इन कथित पंचों ने आरोपी से मौके पर वसूले गए उसी 20 हजार रुपये से गांव में ही मटन और शराब का बंदोबस्त किया.

दुष्कर्म के पैसों से रसूखदारों ने जश्न मनाया

इसके बाद दुष्कर्म के पैसों से इन रसूखदारों ने जमकर जश्न मनाया और मटन-शराब की पार्टी की. इस बीच, गांव के ही एक सजग नागरिक ने हिम्मत दिखाई और गुप्त रूप से घाघरा थाना पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सटीक सूचना दे दी. पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आनन-फानन में घाघरा थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने पलमा गांव में भारी दबिश देकर छापेमारी की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुनील लोहरा को उसके ठिकाने से धर दबोचा और उसे सलाखों के पीछे भेज दिया.

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की अत्यंत गंभीर व गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पीड़ित परिवार पर केस दबाने का दबाव बनाने, साक्ष्यों को नष्ट करने और जघन्य सामाजिक अपराध को छुपाने का षड्यंत्र रचने के आरोप में पंचायत के आयोजकों, उसमें शामिल दबंगों और शराब पार्टी करने वालों की पहचान में जुटी है.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.