एक से पांच साल तक का अनुभव रखिए, मिलेंगी ढेरों नौकरियां

Updated Date:May 22, 2018 2:12 PM IST

देशभर की कंपनियों के बीच कराए गए एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि कई कंपनियां जल्द ही अगले वित्तीय वर्ष के लिए कर्मचारियों की बहाली करने वाली हैं.

नई दिल्ली. निजी सेक्टर में नौकरी करने की चाहत रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर है. अगर आप 1 से 5 साल तक निजी क्षेत्र की कंपनियों में काम कर चुके हैं तो आपके लिए जल्द ही नौकरियों की बहार आने वाली है. दरअसल, पिछले कुछ महीनों में देशभर की कंपनियों के बीच कराए गए एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि कई कंपनियां जल्द ही अगले वित्तीय वर्ष के लिए कर्मचारियों की बहाली करने वाली हैं. इन बहालियों में उन कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके पास 1 से लेकर 5 साल तक काम करने का अनुभव होगा. ऐसे कर्मियों को आईटी, एफएमसीजी, ऑटो, टेलीकॉम सेक्टर समेत कई इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिल सकता है.

Advertising
Advertising

42 प्रतिशत कंपनियां कर्मचारियों की संख्या में करेगी 15% की बढ़ोतरी

देश के विभिन्न उद्योगों से जुड़ीं शीर्ष कंपनियों के चालू वित्त वर्ष में कर्मचारियों की संख्या यानी श्रमशक्ति में 15 प्रतिशत की वृद्धि करने की उम्मीद है. जीनियस कंसल्टेंट लिमिटेड ने अपने सर्वेक्षण में यह बात कही है. सर्वेक्षण में कहा गया है कि देश की 42 प्रतिशत कंपनियों के अपने कर्मचारियों की संख्या में एक से 15 प्रतिशत के बीच वृद्धि करने का अनुमान है. सर्वेक्षण में सीमंस इंडिया, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, बार्कले, ग्लैक्सो, एडेलवाइस, शापोरजी एंड पल्लोनजी जैसी 881 कंपनियों को शामिल किया गया है.

जॉब पोर्टल में रजिस्टर करिए अपना बायोडाटा

यदि अभी तक आपने किसी जॉब पोर्टल में अपना बायोडाटा रजिस्टर नहीं किया है, तो आप निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों में काम करने का अवसर गंवा सकते हैं. इसलिए जल्द से जल्द पहला काम यह करें कि किसी जॉब पोर्टल में अपना बायोडाटा रजिस्टर कर लें. बायोडाटा रजिस्टर करते वक्त अपनी सभी योग्यताओं और प्रोफेशनल स्किल का जिक्र जरूर करें, क्योंकि अधिकतर कंपनियां अपने कर्मचारियों के प्रोफेशनल स्किल पर ध्यान देती हैं. जीनियस कंसल्टेंट के सर्वेक्षण में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में पुरुष और महिलाओं की भर्ती का आंकड़ा क्रमश : 57.77 प्रतिशत और 42.23 प्रतिशत रहने की उम्मीद है. वहीं, करीब 21 प्रतिशत कंपनियों का मानना है कि जॉब पोर्टल बड़े पैमाने पर उम्मीदवारों की आपूर्ति करेंगी.

35 प्रतिशत से ज्यादा नौकरियां 5 साल तक के अनुभव रखने वालों को

जीनियस कंसल्टेंट के सर्वेक्षण में सैकड़ों कंपनियों के उन अधिकारियों से बात की गई, जो कंपनियों में कर्मचारी भर्ती से ताल्लुक रखते हैं. इन अधिकारियों ने कंपनियों में भर्ती के लिए जरूरी विशेषताओं के बारे में अपने विचार सर्वेक्षण में दिए हैं. सर्वेक्षण में शामिल 68.25 प्रतिशत प्रतिभागियों ने माना कि उम्मीदवार की भर्ती से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जांच करना अभी भी महत्वपूर्ण बना हुआ है. इसके अलावा यह भी कहा गया है कि ये कंपनियां कर्मचारियों की भर्ती में अनुभवी उम्मीदवारों को प्राथमिकता के स्तर पर भर्ती करने वाली हैं. सर्वे में शामिल 35.17 प्रतिशत कंपनियों ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में नई नौकरियों के सबसे ज्यादा अवसर एक से पांच वर्ष तक के अनुभव वाले लोगों को मिलेंगे. आपको बता दें कि मार्च के पहले सप्ताह शुरू हुआ सर्वेक्षण ढाई महीने में पूरा किया गया है.

(इनपुट - एजेंसी)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें