By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- India Hindi
- Jp Naddas Failed Product Barb At Rahul Gandhi In Letter To Congress Chief Mallikarjun Kharge
BJP चीफ जेपी नड्डा का खड़गे को जवाबी खत, Rahul Gandhi को बताया 'पॉलिटिक्स का फेल प्रोडक्ट'; जानें और क्या-क्या लिखा...
जेपी नड्डा ने कहा कि 'कांग्रेस एंड कंपनी' के नेताओं ने पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी को 110 से अधिक गालियां दी हैं. सोनिया गांधी ने तो प्रधानमंत्री के लिए 'मौत का सौदागर' जैसे अत्यंत निंदनीय शब्दों का प्रयोग किया था.
BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को ‘राजनीति का फेल प्रोडक्ट’ बताया और कहा कि उनका महिमामंडन करना कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मजबूरी है. नड्डा ने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के प्रति अपशब्दों का इतिहास रहा है और वह भारत विरोधी ताकतों का पक्ष लेते रहे है.
बीते दिनों खड़गे की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी को लिखे एक पत्र में कांगेस अध्यक्ष ने मांग की थी कि प्रधानमंत्री राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक और विवादित बयान देने वाले नेताओं पर कार्रवाई करें. खड़गे ने अपने पत्र में कहा था कि दुनिया हैरान है कि एक केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के एक मंत्री राहुल गांधी को ‘नंबर-1 आतंकवादी’ कह रहे हैं, जबकि शिवसेना पार्टी के एक विधायक ने विपक्ष के नेता की जीभ काटकर लाने वाले व्यक्ति को 11 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. इसी पत्र का जवाब जेपी नड्डा ने दिया है.
कहां से शुरू हुई ये ‘पत्र पॉलिटिक्स’?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले दिनों अमेरिका की यात्रा पर थे. वहां उन्होंने कई सारे मंचों पर अपने विचार लोगों के बीच रखे. इसी क्रम में राहुल ने कुछ ऐसे विवादित बयान दिए जिसे लेकर भारत के कई सारे नेताओं ने उनकी तीखी आलोचना की और उन्हें देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश खिलाफ बोलने वाला नेता बताया था. राहुल ने अपने बयान में सिखों पर भी विवादित टिपण्णी की थी, जिसे लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें देश का सबसे बड़ा दुश्मन और नंबर-1 आतंकवादी कहा था. साथ ही शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड़ ने तो राहुल गांधी की जीभ काट लेने वाले के लिए ईनाम तक की घोषणा कर डाली थी. राहुल गांधी पर लगातार होते हमले के बचाव में खड़गे ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर NDA के नेताओ द्वारा दिए जा रहे बयानों पर रोक और कारवाई की मांग की थी.
BJP अध्यक्ष ने जवाबी पत्र में क्या-क्या कहा?
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तीन पन्नों में लिखे अपने जवाबी पत्र में मल्लिकार्जुन खड़गे से कहा है कि मैं समझता हूं कि अपने नित्य निरंतर ‘फेल्ड प्रोडक्ट’ का बचाव करना और उसे महिमामंडित करना आपकी मजबूरी है. प्रधानमंत्री के खिलाफ शब्दों के चयन के लिए विपक्ष के नेता और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अपनी पार्टी की शिकायतों का हवाला देते हुए नड्डा ने कहा कि कम से कम कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते खड़गे को मंथन भी करना चाहिए कि उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ किस प्रकार के दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बयान पूर्व में दिए हैं. उन्होंने खड़गे पर आरोप लगाया आपने राजनीतिक मजबूरीवश जनता द्वारा बार-बार नकारे गए अपने ‘फेल्ड प्रोडक्ट’ को फिर से पॉलिश कर बाजार में उतारने के प्रयास में देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है.
‘याद दिलाया सोनिया गांधी का बयान’
भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री के लिए ‘मौत का सौदागर’ जैसे अत्यंत निंदनीय शब्दों का प्रयोग किया था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एंड कंपनी के नेताओं ने पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी को 110 से अधिक गालियां दी हैं. उन्होंने कहा कि इन सभी दुर्भावनापूर्ण, दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बयानों का पार्टी के नेता महिमामंडन करते रहे. नड्डा ने पूछा, ‘कांग्रेस तब क्यों राजनीतिक शुचिता की बातें भूल गई थी जब राहुल गांधी ने सरेआम ‘मोदी की छवि को खराब कर देंगे’ वाली बात कही थी? तब राजनीतिक मर्यादा को किसने तार-तार किया था?
‘देश को बदनाम करने के लिए कांग्रेस के नेताओं ने सब कुछ किया’
सैम पित्रोदा, शशि थरूर, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम, के सुरेश और इमरान मसूद जैसे कांग्रेस नेताओं का नाम लेते हुए नड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं ने देश को बदनाम करने के लिए सब कुछ किया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने लोगों और क्षेत्रों को एक दूसरे के खिलाफ उकसाया और उनके कार्यक्रमों में पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए गए. नड्डा ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र को अगर किसी ने सबसे ज्यादा बदनाम व अपमानित किया है तो वह कांग्रेस पार्टी है.
(इनपुट: भाषा)
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें