सरकार और छात्रों के बीच नहीं बनी बात, इस दिन विधानसभा का घेराव करेंगे प्रदर्शनकारी छात्र

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:August 9, 2026 5:55 PM IST

Ranchi Student Protest: रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और झारखंड सरकार के बीच दूसरी दौर की वार्ता विफल रही. अब प्रदर्शनकारी छात्र सोमवार (9 अगस्त, 2026) को राज्य की विधानसभा का घेराव करने वाले हैं.

Ranchi Student Protest: रांची में JPSC-JSSC परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी रहा. 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच लगातार तीसरे दिन बातचीत हुई. सरकार की तरफ से छात्रों की कई मांगों पर सहमति के संकेत मिले हैं. 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, कथित वित्तीय गड़बड़ियों की ED जांच और JPSC में सुधार के लिए कमेटी बनाने पर चर्चा हुई है. हालांकि, छात्रों ने अभी सरकार के प्रस्ताव को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया है.

Advertising
Advertising

10 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी

सरकार से बातचीत के बावजूद छात्रों का आंदोलन खत्म नहीं हुआ है. छात्रों ने 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है. इसके लिए राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र और युवा रांची पहुंच रहे हैं. हजारीबाग, गिरिडीह समेत कई जगहों से छात्र जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंच चुके हैं. यहां बने मंच से छात्रों से बड़ी संख्या में विधानसभा पहुंचने की अपील की जा रही है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी बड़ी मांगों पर लिखित और साफ फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

सरकार के प्रस्ताव से एक गुट छात्र असहमत

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत में कई मुद्दों पर बात आगे बढ़ी, लेकिन सभी छात्र गुट इससे संतुष्ट नहीं हैं. देवेंद्र नाथ महतो गुट ने सरकार के प्रस्ताव पर असहमति जताई है. छात्रों का कहना है कि वित्तीय लेनदेन की जांच सिर्फ ED से नहीं, बल्कि CBI से भी होनी चाहिए. वे CID की जांच जारी रखने और मामले के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने यह भी कहा कि TDPL एजेंसी की ओर से JPSC की आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच और जरूरत पड़ने पर उन्हें रद्द किया जाना चाहिए.

सरकार ने कई मांगों पर दिए सकारात्मक संकेत

सरकार 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने पर सहमत हो सकती है. इसके अलावा कथित वित्तीय गड़बड़ियों की ED से जांच कराने और JPSC में सुधार के लिए एक खास कमेटी बनाने पर भी बात हुई है. इस कमेटी में शिक्षाविदों और छात्र प्रतिनिधियों को शामिल किया जा सकता है. इसका काम परीक्षा व्यवस्था को बेहतर और ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए सुझाव देना होगा. सरकार की ओर से CID जांच 90 दिनों में पूरी करने का भरोसा देने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इन फैसलों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.

आंदोलन को लेकर सियासत भी तेज

JPSC-JSSC आंदोलन को लेकर झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. BJP नेताओं ने राज्य सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है. रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि अगर सरकार की नीयत सही होती तो छात्रों से पहले ही बातचीत हो जाती. वहीं, BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार से छात्रों की मांगें मानने की अपील की है. दूसरी ओर, छात्रों का कहना है कि आंदोलन में राजनीतिक दलों का दखल नहीं होना चाहिए. अब सबकी नजर 10 अगस्त के विधानसभा घेराव और सरकार के अगले फैसले पर है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें