बहन की शादी के लिए नहीं थे पैसे और गहने, पड़ोसी के घर से ही 16 लाख की चोरी कर लाया भाई
पुलिस के मुताबिक एक घर में दिनदहाड़े चोरी की सूचना मिली थी. घर की मालकिन सोफिया ने पुलिस को बताया कि उनके घर से सोने की चूड़ियां, चेन, टॉप्स और अंगूठियों समेत करीब 15 से 16 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है.
बहन की शादी के लिए भाई ने की पड़ोसी में चोरी. (IANS Hindi)
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बहन की शादी के लिए पैसे और गहने जुटाने के चक्कर में एक 19 साल के युवक ने पड़ोसी के घर में चोरी कर ली. युवक घर से करीब 16 लाख रुपये के गहने और नकदी चुराकर ले गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को जाजमऊ इलाके में एक घर में दिनदहाड़े चोरी की सूचना मिली थी. घर की मालकिन सोफिया ने पुलिस को बताया कि उनके घर से सोने की चूड़ियां, चेन, टॉप्स और अंगूठियों समेत करीब 15 से 16 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है.
छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ चोर
सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब और सर्विलांस की टीम मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ था. उसने छत पर लगी जाली तोड़ी और घर के अंदर पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान पुलिस को जफर नाम के 19 वर्षीय युवक पर शक हुआ. पूछताछ में जफर ने चोरी की बात कबूल कर ली.
चोरी के समय बाहर था परिवार
पुलिस के अनुसार, जफर को पता था कि घर का परिवार कुछ समय के लिए बाहर गया हुआ है. इसी का फायदा उठाकर उसने घर में चोरी की. पुलिस ने चोरी किए गए गहने और दूसरे सामान को उसके घर से बरामद कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह चोरी अपनी बहन की शादी के लिए की थी. उसे शादी के लिए सोने के गहनों की जरूरत थी और उसके पास इसके लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे. इसी वजह से उसने पड़ोसी के घर को निशाना बनाया.
चोरी के पैसों से गाड़ी की सर्विस
पुलिस ने आरोपी के पास से 1,020 रुपये नकद भी बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम में से करीब 7,000 रुपये उसने अपनी गाड़ी की सर्विस कराने में खर्च कर दिए थे. पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. (आईएएनएस इनपुट्स)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें