PNG गैस यूजर्स के लिए आई बुरी खबर, सरकार ने लागू किया ये बड़ा नियम, जानिए वजह

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:March 14, 2026 10:57 PM IST

PNG कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए सरकार ने नया नियम लागू किया है. जानिए LPG संकट के बीच ये नया नियम क्या है? इसके पीछे का कारण और गैस सप्लाई पर इसका क्या असर होगा.

केंद्र सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को लेकर एक अहम फैसला लिया है. जिन लोगों के घर में पाइप के जरिए आने वाली गैस है यानी PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) का कनेक्शन है, वे अपने पास LPG गैस सिलेंडर नहीं रख सकेंगे. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इसके लिए संशोधित आपूर्ति आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से PNG कनेक्शन मौजूद है, उनका एलपीजी कनेक्शन वापस करना होगा और आगे से सिलेंडर की रिफिल भी नहीं मिलेगी. सरकार का कहना है कि यह कदम गैस आपूर्ति को बेहतर तरीके से प्रबंधित करने और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए उठाया गया है.

Advertising
Advertising

LPG कनेक्शन तुरंत सरेंडर करने का निर्देश

सरकार के आदेश में साफ कहा गया है कि अगर किसी व्यक्ति के पास पाइप से आने वाली प्राकृतिक गैस का कनेक्शन है और उसके पास घरेलू एलपीजी कनेक्शन भी है, तो वह दोनों एक साथ नहीं रख सकता. ऐसे लोगों को अपना एलपीजी कनेक्शन तुरंत सरेंडर करना होगा. साथ ही सरकारी तेल कंपनियों और उनके वितरकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे PNG कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर या रिफिल न दें. इससे उन लोगों के लिए सिलेंडर की उपलब्धता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है जिनके पास अभी भी पाइप गैस की सुविधा नहीं है और जो पूरी तरह एलपीजी पर निर्भर हैं.

मिडिल ईस्ट तनाव से गैस सप्लाई पर असर

हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी देखने को मिला है. अमेरिका और इजरायल के साथ संघर्ष के बाद ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इसी बीच दुनिया के लिए तेल और एलपीजी सप्लाई का अहम रास्ता माने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने की खबरें सामने आईं. इस वजह से कई देशों में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई. भारत में भी कुछ शहरों में एलपीजी सिलेंडर को लेकर घबराहट देखी गई और लोग बड़ी संख्या में गैस बुक कराने लगे. हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि देश में गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है.

लोगों से घबराहट में बुकिंग न करने की अपील

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर को लेकर अनावश्यक घबराहट न दिखाएं और जरूरत से ज्यादा बुकिंग न करें. मंत्रालय ने यह भी बताया कि कुछ साइबर ठग इस स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे केवल तेल कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए ही सिलेंडर बुक करें. इसके अलावा राज्यों को निर्देश दिया गया है कि वे सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नजर रखें और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें.

सरकार की लगातार नजर

ऊर्जा आपूर्ति को लेकर सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कई स्तर पर काम किया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. साथ ही पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरान के नेताओं से संपर्क बनाए रखा है, ताकि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार जानकारी मिलती रहे. सरकार का कहना है कि भारत में ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें