लोकतंत्र सेनानियों को फ्री में तीर्थयात्रा कराएगी MP सरकार, CM मोहन यादव ने किए ये बड़े ऐलान

Written By: India.com Hindi News Desk Updated by: Anjali Karmakar
Updated Date:June 26, 2026 5:49 PM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और उनके योगदान को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार (26 जून 2026) को राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. CM मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के तीर्थाटन के लिए केंद्र से स्पेशल ट्रेन चलाने की अपील करेगी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और संघर्ष का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है. उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

Advertising
Advertising

मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष स्वतंत्रता संग्राम से कम नहीं था. उन्हीं के बलिदान की वजह से आज देश में लोकतंत्र सुरक्षित है और गरीब परिवार से निकला व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बन सकता है. उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र होने पर गर्व करता है.

स्कूल होंगे अपग्रेड, किसानों को राहत, बेटियों के विवाह के लिए हजारों करोड़ मंजूर..., मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले

मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को प्रदेश के सभी रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में दो दिन तक मुफ्त ठहरने की सुविधा मिलेगी.
  • दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के नाम पर गांवों और कस्बों में शिलालेख लगाए जाएंगे.
  • स्थानीय पार्क, सड़क और खेल मैदानों का नाम लोकतंत्र सेनानियों के नाम पर रखा जाएगा.
  • लोकतंत्र सेनानियों के मुफ्त इलाज और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी.
  • जो सेनानी अभी तक ताम्रपत्र से वंचित हैं, उन्हें जल्द ताम्रपत्र दिए जाएंगे.
  • लोकतंत्र सेनानियों के सुझावों को प्रदेश के विकास और कल्याणकारी योजनाओं में शामिल किया जाएगा.

कांग्रेस पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की लोकतांत्रिक भावना को कमजोर करने का प्रयास किया. मोहन यादव ने कहा, "भारत के साथ आजाद हुए कई देश आज विकास की नई ऊंचाइयों पर हैं. जापान जैसे देश युद्ध की तबाही से उबरकर दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुके हैं. मध्य प्रदेश के CM ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की चार पीढ़ियां बदल गईं, लेकिन उसकी विचारधारा और कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया."

आपातकाल की घटनाओं को किया याद

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा, "उस समय लोकतंत्र पूरी तरह कुचल दिया गया था. घर के मुखिया को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के जेल भेज दिया जाता था. परिवारों को यह तक पता नहीं होता था कि उनके परिजन कब लौटेंगे." मोहन यादव ने कहा कि मीसाबंदियों पर कांग्रेस में शामिल होने और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समर्थन का दबाव बनाया जाता था.

संविधान के दुरुपयोग का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस संविधान की बात करती है, लेकिन संविधान का सबसे अधिक दुरुपयोग उसी ने किया. CM यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक केवल एक परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया. अन्य नेताओं को दबाया गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपेक्षाकृत कम समय मिला, लेकिन इस दौरान देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए.

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने अरुणा आसफ अली अस्पताल का किया औचक निरीक्षण- दिये ये जरूरी निर्देश

संघ का हिस्सा होना गर्व की बात

डॉ. यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि संघ ने हर संकट की घड़ी में देशहित में काम किया है. इस परिवार का हिस्सा होना गर्व की बात है.

लोकतंत्र सेनानी संघ ने भी रखे विचार

इस मौके पर लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक ने कहा कि सम्मेलन में वर्ष 1975 से 1977 के दौरान आपातकाल में जेल जाने वाले मीसाबंदियों का सम्मान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले एक दशक से लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान की परंपरा जारी है. तपन भौमिक ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं एक मीसाबंदी के बेटे हैं. इसलिए उन्होंने इस संघर्ष को बहुत करीब से देखा है.

वहीं, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कैलाश सोनी ने कहा कि आपातकाल के 51 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह सम्मेलन आयोजित किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार ने लोकतंत्र की आवाज दबाने के लिए हजारों लोगों को जेल भेज दिया था. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यों की भी सराहना की.

लोकतंत्र सेनानियों का किया अभिनंदन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस दौरान 96 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी लक्ष्मी नारायण पाटीदार, 95 वर्षीय शांति लाल संघवी और पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का अभिनंदन भी किया. इस कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई.

सच्चा वादा, पक्का काम... जब जनता के सामने मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने खोलकर रख दिया दिल

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें