सारे चोर BJP में चले गए, लौटे तो वापस नहीं लूंगी... बागियों पर भड़कीं ममता, INDIA को दे दी घमंड छोड़ने की सलाह
कोलकाता में आयोजित शहीद दिवस रैली में ममता बनर्जी ने असंतुष्टों को खास मैसेज भी दे दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी में मौजूद असंतुष्ट लोग BJP के सहयोगी के रूप में काम करना बंद करें या ऑफिशियली BJP ज्वॉइन कर लें.
ममता बनर्जी ने कोलकाता रैली में BJP के खिलाफ हुंकार भरी (ANI)
- बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC ने जीती 80 सीटें
- सुवेंदु अधिकारी ने भबानीपुर से ममता को हराया था
- 9 मई को राज्य में बनी थी BJP की सरकार
- TMC का साथ छोड़ चुके 20 सांसद और 58 विधायक
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को हार मिलने के बाद ममता बनर्जी अब तक के सबसे बड़े राजनीतिक संकट का सामना कर रही हैं. पार्टी के बड़े-बड़े सांसद और विधायक साथ छोड़ गए हैं. अभिषेक बनर्जी समेत कई TMC नेताओं पर हमले हो चुके हैं. ED की जांच भी चल रही है. इस बीच ममता बनर्जी ने पहली बार बागियों के खिलाफ अपना गुबार निकाला है. ममता बनर्जी मंगलवार (21 जुलाई 2026) को बागियों पर जमकर बरसीं.
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, ममता बनर्जी ने कहा- "सारे चोर मुझे छोड़कर BJP में चले गए. इन लोगों ने TMC के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल की. फिर मेरी पीठ में खंजर घोंप दिया. ये लोग अगर कभी लौट के भी आएंगे ना, तो अपनी पार्टी में वापस नहीं लूंगी."
चुनाव चिह्न पर भी बागियों को दिया जवाब
TMC प्रमुख ने कहा, "बागी BJP की मदद से तृणमूल कांग्रेस पार्टी के जुड़वां फूल चिन्ह को छीनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे इसे छीन नहीं सकते. मैं संस्थापक-अध्यक्ष हूं."
असंतुष्टों को दिया खास मैसेज
कोलकाता में आयोजित शहीद दिवस रैली में ममता बनर्जी ने असंतुष्टों को खास मैसेज भी दे दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी में मौजूद असंतुष्ट लोग BJP के सहयोगी के रूप में काम करना बंद करें या ऑफिशियली BJP ज्वॉइन कर लें. ममता ने कहा, "अगर आप BJP का समर्थन करना चाहते हैं, तो BJP में जाइए. मेरे छात्र और युवा कार्यकर्ता हर पद भरने के लिए मौजूद हैं. मैं गद्दारों को चुनौती देती हूं कि वे सीधे BJP में शामिल हों और चुनाव लड़ें."
छात्रों के साथ TMC
बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन पर भी बात की. ममता ने कहा- "आपने देखा कि कल दिल्ली में क्या हुआ, छात्रों के साथ क्या अत्याचार किए गए. मैंने संसद में सुना कि प्रधानमंत्री ने अपनी कार घुमाई और चले गए." उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है."
परिसीमन के बाद आपके राज्य में हो जाएंगी कितनी लोकसभा की सीटें? आंकड़े आ गए सामने
विपक्षी एकता की मांग पर दिया जोर
ममता बनर्जी ने एक बार फिर से विपक्षी एकता की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी दलों को आपसी मतभेद भुलाकर BJP का मुकाबला करना चाहिए. बंगाल की पूर्व CM ने कहा, "मैं सभी से अपील करती हूं कि BJP से मुकाबले के लिए एक हो जाएं. मुझे तो कोई अहंकार नहीं है. अगर किसी को है, तो उसे भी त्याग देना चाहिए. हमें BJP से मुकाबले के लिए एक हो जाना चाहिए."
TMC छोड़कर गए कौन-कौन से नेता?
14 जून को TMC नेता काकोली घोष दस्तीदार समेत लोकसभा 20 सांसद NDA समर्थित नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी से जुड़ गए हैं. TMC से इस्तीफा दे चुके 4 राज्यसभा सांसद भी BJP में शामिल हो गए हैं. इनमें से 3 राज्यसभा सांसद भी चुने जा चुके हैं. वहीं, TMC के 80 में से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं. इन्होंने ऋतुब्रत बनर्जी को अपना नेता माना है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें