खेला हुआ, अब वक्त आने पर बड़ा खेल खेलूंगी... भतीजे अभिषेक पर हमले के बाद ममता बनर्जी की BJP को चुनौती
ममता बनर्जी ने कोलकाता में मंगलवार को धरना देने की परमिशन मांगी थी. हालांकि, उन्हें परमिशन नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने पुलिस को भी घेरा है.
ममता बनर्जी ने कोलकाता में मंगलवार को धरना देने की परमिशन मांगी थी. उनकी मांग रिजेक्ट कर दी गई (PTI)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में BJP से मिली करारी शिकस्त के बाद ममता बनर्जी बदला लेने के मूड में आ गई हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने BJP पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया है. साथ में BJP को बड़ी चेतावनी भी दे डाली है. सोमवार को दीदी ने कहा, "चुनाव में मेरे साथ खेला हुआ. अब मैं वक्त आने पर बड़ा खेल खेलूंगी. BJP इसके लिए तैयार रहे." ममता ने आरोप लगाया है कि पुलिस TMC विधायकों को पार्टी मीटिंग में जाने से रोक रही है और धमकी दे रही है.
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "विधायकों को TMC तोड़ने के लिए धमकी दी जा रही है. आज आपका अच्छा समय है, तभी आप ये कर रहे हो.आप लोगों ने मेरे साथ खेल खेला है, मैं इससे बड़ा खेल खेलूंगी, थोड़ा वेट कीजिए."
ममता को नहीं मिली धरना देने की परमिशन
ममता बनर्जी ने कोलकाता में मंगलवार को धरना देने की परमिशन मांगी थी. तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि पुलिस ने 2 जून को होने वाले धरने की अनुमति नहीं दी. इतना ही नहीं, रानी रासमणि एवेन्यू पर मंच बनाने के लिए लाया गया सामान भी वहां से हटवा दिया गया.
इसके बाद ममता ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा, "जब भी मैं मीटिंग करने जाती हूं, तो मेरी परमिशन कैंसिल कर दी जाती है. धरना देने की भी परमिशन कैंसिल हो गई. पुलिस का काम तो आम जनता की रक्षा करना है. मुझे पुलिस को देख कर शर्म आती है. उनका काम रक्षा करना था, लेकिन वो विधायकों को धमका रहे हैं. यहां तक कि मेरी भी सुरक्षा हटा ली गई है."
TMC और भी मजबूत होगी
ममता बनर्जी ने कहा, "TMC और भी मजबूत होगी. आज जो लोग बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं कि पार्टी लीडर वर्कर्स के साथ खड़े नहीं हैं, वे गलत जानकारी फैला रहे हैं. पूरी तरह से अराजकता फैली हुई है. हिटलर ने भी ऐसे काम नहीं किए थे. इस स्थिति को बताने के लिए शब्द नहीं बचे हैं, क्योंकि जब भाषा ही फेल हो जाती है, तो इसका मतलब है कि ज़ुल्म ने सारी हदें पार कर दी हैं."
अभिषेक बनर्जी को मारने की हुई कोशिश
अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पुलिस हिंसा में शामिल BJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रही है. ममता ने दावा किया, "जब अभिषेक पर हमला हुआ, तो आपने गलत लोगों को गिरफ्तार किया. आपने कभी BJP कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं किया. आप बाहर से BJP के लोगों को लाए और उन्हें खाने के पैकेट भी दिए. मेरे पास सबूत हैं."
अभिषेक बनर्जी के साथ हुई मारपीट पर क्या बोलीं ममता
ममता बनर्जी ने BJP की राज्य लीडरशिप पर भी निशाना साधते हुए कहा, "BJP अध्यक्ष कह रहे हैं कि वह (अभिषेक) जिंदा हैं. मैं कहूंगी कि आप भी हमारे समय में जिंदा थे. आप TMC को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं."
ममता बनर्जी ने कहा, "जिस तरह से आपने दूसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के MP पर हमला किया, वह चौंकाने वाला है. डॉक्टरों को बुलाया गया, फिर भी अस्पतालों को कथित तौर पर इलाज न करने का निर्देश दिया गया. यह कैसा बेतुका और तानाशाही व्यवहार है? "
अभिषेक बनर्जी पर कब हुआ हमला?
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर 30 मई 2026 को हमला हुआ था. पुलिस के मुताबिक, वो चुनावी हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिलने गए थे, तभी एक उग्र भीड़ ने उन पर अंडे फेंके. उनके कपड़े फाड़े. भीड़ उनके पीछे दौड़ रही थी. आखिरकार उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकलना पड़ा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें