'हम हारे नहीं हैं, इस्तीफा नहीं दूंगी...', हारने के बाद ममता बनर्जी ने BJP-EC पर लगाए गंभीर आरोप
Mamata Banerjee: बंगाल चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि हम इलेक्शन नहीं हारे, बीजेपी ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल किया.
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में बीजेपी इस बार बहुमत की सरकार बनाने जा रही है. बीजेपी ने बंगाल से टीएमसी को जड़ से उखाड़ फैंका है. ऐसे में अब पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी और चुनाव आयोग दोनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हारने के बाद उन्होंने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के तमाम नेताओं पर आरोप लगाए.
पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'दुख की बात है कि केंद्रीय चुनाव आयुक्त इस चुनाव में जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को लूटने और ईवीएम को लूटने के लिए खलनायक बन गए. क्या आप बता सकते हैं कि मतदान के बाद ईवीएम में 80-90% चार्ज बचा था? यह कैसे संभव है? चुनाव से दो दिन पहले ही उन्होंने हमारे लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया. उन्होंने हर जगह छापेमारी शुरू कर दी. उन्होंने सभी आईपीएस और आईएएस अधिकारियों को बदल दिया. उन्होंने अपनी पार्टी के लोगों को नियुक्त किया और भाजपा ने सीधे चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत की.'
'बीजेपी और चुनाव आयोग की मिलीभगत'
ममता ने आगे कहा, 'बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच की मिलीभगत है. हमने हर तरह की साजिश का सामना किया. प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी इसमें शामिल हैं, सीधा हस्तक्षेप. उन्होंने एसआईआर से 90 लाख नाम हटा दिए. जब हम अदालत गए, तो 32 लाख नाम शामिल किए गए... उन्होंने गंदे, घिनौने और शरारती खेल खेले। मैंने अपने जीवन में इस तरह का चुनाव कभी नहीं देखा.'
पश्चिम बंगाल की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोमवार (5 मई) को भवानीपुर स्थित मतगणना केंद्र में अपने साथ हुई बदसलूकी और शारीरिक मारपीट के आरोपों को दोहराते हुए कहा कि उन्हें 'पेट और पीठ पर लात मारी गई'. उन्होंने बंगाल विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी की भारी हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग (EC) पर हमला करते हुए कहा, 'हमारी लड़ाई भाजपा से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग से थी.'
'महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया...'
ममता ने कहा, 'पहले दौर की मतगणना के बाद, वे कहने लगे कि भाजपा को 195-200 वोट मिल रहे हैं. आपने अंतिम परिणाम का इंतजार नहीं किया. आपने 5-6 दौर की मतगणना का भी इंतजार नहीं किया. प्रेस और मीडिया के साथ उस प्रचार के बाद, भाजपा के लोग मतदान केंद्र के अंदर गए और उन्होंने लोगों और मतगणना एजेंटों को पीटना शुरू कर दिया. जब मुझे पता चला कि सभी मतगणना एजेंट वापस बुला लिए गए हैं, तब मैं लगभग 30,000 वोटों से आगे थी और लगभग 5 दौर बाकी थे. हमें 32,000 से ज्यादा वोट मिलने चाहिए थे. फिर भाजपा उम्मीदवार 200 सीआरपीएफ कर्मियों और 200 बाहरी गुंडों के साथ अंदर गए और उन्होंने हमारे लोगों को पीटा. महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उन्होंने सभी फॉर्म छीन लिए.'
'मेरे पेट और पीठ पर लात मारी...'
जब मुझे पता चला, तो मैं वहां गई. उन्होंने मेरी गाड़ी रोक दी, लेकिन मैंने दूसरा रास्ता लिया. जब मैं अंदर गई, तो सीआरपीएफ ने मुझे बताया कि मुझे अंदर जाने की अनुमति नहीं है. मैंने कहा कि मैं एक उम्मीदवार हूं... फिर मैंने मतगणना अधिकारी से शिकायत की कि स्थिति सामान्य होने तक मतगणना तुरंत रोक दी जाए. मैंने डीईओ को देखा. मुझे पता है कि उन्होंने मुझे... पंद्रह दिन पहले किसी को मैसेज भेजा था कि 'गिनती में खेल होगा'... मैं कुछ मिनटों के लिए अंदर गई. उन्होंने मेरे पेट और पीठ पर लात मारी और मेरे साथ मारपीट की. उस समय सीसीटीवी बंद था...'
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें