बेंगलुरू में बोलीं ममता बनर्जी- जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा

कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में कई विपक्षी नेताओं की उपस्थिति को अगले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा विरोधी मंच के रूप में देखा जा रहा है.

Published date india.com Updated: May 23, 2018 7:14 PM IST
बेंगलुरू में बोलीं ममता बनर्जी- जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा
बेंगलुरू में जेडीएस नेता कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने पहुंची पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु.

नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आंध्र प्रदेश के उनके समकक्ष चंद्रबाबू नायडू ने आज सभी क्षेत्रीय दलों से देश में संघीय ढांचे के विकास के लिए एक साथ आने का आह्वान किया. एच.डी. कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण समारेाह में शामिल होने यहां आए दोनों नेताओं ने कहा कि वे क्षेत्रीय दलों को बढ़ावा और उन्हें मजबूती देना चाहते हैं. ममता और नायडू ने कहा कि वे खुश हैं कि किसी क्षेत्रीय दल के नेता ने मुख्यमंत्री का पद संभाला और जद (एस) के साथ एकजुटता दिखाने के लिए यहां आए हैं. कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में कई विपक्षी नेताओं और मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति को ऐसे घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है जो अगले लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा विरोधी मंच की बुनियाद रख सकता है. ममता बनर्जी ने क्षेत्रीय दलों की एकता पर कहा, ‘जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा.’

बड़ा सवाल: बेंगलुरू में दिखी विपक्षी एकता क्‍या 2019 तक पहुंच पाएगी?

बोलीं ममता- हमारा मिशन और विजन, दोनों स्पष्ट

ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमें खुशी है कि कुमारस्वामीजी आज (बुधवार) शपथ ले रहे हैं और हम कर्नाटक के भाइयों और बहनों को बधाई देते हैं. हमें खुशी है कि हमें आमंत्रित किया गया. सभी क्षेत्रीय दल यहां कुमारस्वामीजी और उनकी सरकार को समर्थन देने के लिए मौजूद रहेंगे. हमें सर्वश्रेष्ठ की आशा है.’ उन्होंने कहा, ‘हमारा मिशन और विजन बिल्कुल स्पष्ट है. हम एक-दूसरे से मिलेंगे, एक-दूसरे से बात करेंगे और यह पार्टी के भविष्य के लिए हमें मजबूती देगा. चंद्रबाबू नायडू और मैं यहां क्षेत्रीय दलों को मजबूती देने के लिए आए हैं और हम ऐसा करना जारी रखेंगे.’ बनर्जी ने कहा कि वे क्षेत्रीय पार्टियों के साथ आने में बाधा उत्पन्न करने का किसी दल को कोई मौका नहीं देंगे. अगर हम कोई वादा करते हैं तो उसे पूरा करेंगे. हम किसी से नहीं डरते. हम हिम्मत से काम करते हैं. हम वहीं करेंगे जो क्षेत्रीय दलों और देश के हित में होगा.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

कुमारस्वामी ने ली CM पद की शपथ, साथ आए धुर विरोधी, सोनिया के साथ खड़े हुए पवार

ममता ने संवाददाताओं से कहा, ‘हम यहां कुमारस्वामी तथा उनकी सरकार का समर्थन करने के लिए उपस्थित हुए हैं और हमें सर्वश्रेष्ठ की आशा है.’ उन्होंने कहा, ‘हम सभी क्षेत्रीय दलों के साथ संपर्क बनाकर रखेंगे ताकि हम राष्ट्र के विकास , जनता के विकास और संघीय ढांचे के विकास के लिए भी काम कर सकें.’ ममता ने कहा कि अगर राज्य मजबूत होंगे तो केन्द्र भी मजबूत होगा. कांग्रेस को इस प्रयास से दूर रखा जाएगा के सवाल पर बनर्जी ने कहा, ‘कांग्रेस को जो करना है, वह वही करेगी और हमें जो करना है हम करेंगे. कांग्रेस एक अलग पार्टी है. कर्नाटक में कांग्रेस और कुमारस्वामी की संयुक्त सरकार बनने जा रही है. हम कुमारस्वामीजी का समर्थन करने आए हैं, क्योंकि वह क्षेत्रीय दल की अगुवाई कर रहे हैं.’ बनर्जी ने कहा, ‘अगर क्षेत्रीय दल साथ आते हैं तो उनके पास अधिक मजबूती होगी. यह समझने के लिए बहुत ही आसान चीज है. इसे हिंदी में कुछ ऐसा कहते हैं, जो हमसे टकराएगा चूर चूर हो जाएगा.’

नायडु बोले- क्षेत्रीय दलों को मजबूत बनाना मिशन

ममता बनर्जी की टिप्पणियों के दौरान उनके साथ खड़े रहे आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने क्षेत्रीय दल के नेता के कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जाहिर की. यह पूछे जाने पर कि क्या यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भाजपा के खिलाफ मोर्चे के लिए एकजुट होना है, नायडू ने कहा, ‘हम और क्षेत्रीय दलों को बढ़ावा देना चाहते हैं. हम (क्षेत्रीय दलों को) मजबूत करना चाहते हैं. यह ममता जी और हमारी पार्टी का मिशन है तथा हम ऐसे ही काम कर रहे हैं.’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ मोर्चे के बारे में पूछे जाने पर नायडू ने कहा, ‘हम जो कर रहे हैं, उसे देख रहे हैं.’ बता दें कि एच.डी. कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, राजद नेता तेजस्वी यादव, रालोद अध्यक्ष अजीत सिंह, माकपा सचिव सीताराम येचुरी और अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन समेत दर्जनभर दिग्गज राजनेता शामिल हुए.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.