Ministry Of External Affairs Condemn Arvind Kejriwal Statement Over New Coronavirus Singapore Varient
अरविंद केजरीवाल के बयान पर सिंगापुर ने जताई नाराजगी, विदेश मंत्री एस जयशंकर बोले- वे भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर लिखा कि सिंगापुर की सरकार ने आज दिल्ली के सीएम के सिंगापुर वेरिएंट को लेकर किए गए ट्वीट पर भारतीय हाई कमिश्नर को तलब किया है.
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते दिनों नागरिक उड्डयन मंत्री से मांग की कि सिंगापुर से भारत के बीच सभी हवाई उड़ानों को रद्द कर दिया जाए. उन्होंने दावा किया कि सिंगापुर में आए कोरोना के नए वेरिएंट का बच्चों पर बुरा असर पड़ेगा. इस बाबत अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि ‘सिंगापुर में आया कोरोना का नया रूप बच्चों के लिए बेहद ख़तरनाक बताया जा रहा है, भारत में यह तीसरी लहर के रूप में आ सकता है. केंद्र सरकार से मेरी अपील है: 1. सिंगापुर के साथ हवाई सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द हों. 2. बच्चों के लिए भी टीके के विकल्पों पर प्राथमिकता के आधार पर काम हो.
इस बाबत सिंगापुर सरकार की तरफ से भारतीय हाई कमीशन को कड़ी प्रतिक्रिया दी गई. सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट करते हुए कहा कि सिंगापुर में कोरोना की कोई नई वेरिएंट नहीं है. B.1.617.2 कोरोना वेरिएंट भारत में पैदा हुआ था, जिसके मामले हालिया सप्ताह में देखने को मिले हैं. जिसका असर बच्चों में भी हो रहा है. बता दें कि इस बाबत केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से अरविंद केजरीवाल ने तत्काल प्रभाव से सिंगापुर की फ्लाइट्स को बंद करने का आग्रह किया था जिसका जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 20 मार्च 2020 से ही सिंगापुर से भारत के बीच उड़ानों को बंद कर दिया गया है.
इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर लिखा कि सिंगापुर की सरकार ने आज दिल्ली के सीएम के सिंगापुर वेरिएंट को लेकर किए गए ट्वीट पर भारतीय हाई कमिश्नर को तलब किया है. इस बाबत विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि सिंगापुर और भारत कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मजबूत साझेदार है. ऑक्सीजन सप्लाई मदद केंद्र के रूप में हम सिंगापुर की सराहना करते हैं. हमारी मदद करने के लिए सैन्य विमान तैनात करने की बात हमारे असाधारण संबंधों की बात करती है.
विदेश मंत्री ने आगे कहा कि ऐसे में जो लोग गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं उन्हें यह समझने की आवश्यकता है कि इससे दोनों देशों को संबंध खराब हो सकते हैं. मैं साफ करना चाहूंगा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं वे भारत के लिए नहीं बोलते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.