सीमा हैदर और पाकिस्तान जाकर शादी रचाने वाली अंजू पर विदेश मंत्रालय का आया बयान, जानें क्या है भारत का स्टैंड
विदेश मंत्रालय (Ministry Of External Affairs) के प्रवक्ता अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) से जब सीमा हैदर और अंजू को लेकर सवाल किये गए तो उन्होंने इसका जवाब दिया.
Seema Haider Anju
सीमा हैदर (Seema Haider) और अंजू (Anju) का मामला इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है. पाकिस्तान से 'प्यार की खातिर' सीमा हैदर भारत आईं. वहीं, भारत की अंजू हाल ही में पाकिस्तान गईं और वहां उसने इस्लाम अपनाकर अपने फेसबुक फ्रेंड से शादी रचा ली. भारत सरकार ने सीमा और अंजू दोनों के मामले पर गुरुवार को अपना रुख साफ कर दिया. विदेश मंत्रालय (Ministry Of External Affairs) के प्रवक्ता अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) से जब सीमा हैदर और अंजू को लेकर सवाल किये गए तो उन्होंने इसका जवाब दिया. अरिंदम बागची से वीकली मीडिया ब्रीफिंग के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या सीमा हैदर और अंजू जैसी जो घटनाएं हो रही हैं उनको लेकर विदेश मंत्रालय कोई पॉलिसी बना रहा है या नहीं?
क्या बोला विदेश मंत्रालय
इसके जवाब में अरिंदम बागची ने कहा, 'सीमा हैदर (Seema Haider) अवैध रूप से भारत आई थी. उसके बारे में मैंने पहले ही कह रखा है कि भारत का क्या स्टैंड है. मेरे पास इसे लेकर कुछ नया अपडेट नहीं है. जांच चल रही हैं. हो सकता है एजेंसियों के पास अतिरिक्त जानकारी हो.' वहीं, अंजू के मामले पर भी विदेश मंत्रालय ने बयान दिया. अरिंदम बागची ने कहा, 'भारत से अंजू नाम की महिला पाकिस्तान गई है. हमने पहले ही कहा था कि वह एक निजी मामला है. यह विदेश नीति का मामला नहीं है. हमने उनके बारे में किसी भी पक्ष से कोई खास (बात) नहीं सुनी है. चूंकि वह विदेश नीति का मुद्दा नहीं है इसलिए मैं कुछ कहना नहीं चाहूंगा.'
मालूम हो कि इससे पहले भी अरिंदम बागची ने सीमा हैदर को लेकर बयान दिया था. उन्होंने कहा था, 'हम इस मामले से अवगत हैं, क्योंकि वह (सीमा) अदालत में पेश हुई हैं. उन्हें जमानत दे दी गई है. वह जमानत पर बाहर हैं. मामले की जांच की जा रही है.'
दो बच्चों की मां है अंजू
अंजू दो बच्चों की मां हैं और वह अपने पति के साथ राजस्थान के भिवाड़ी में रहती थी. अंजू (Anju) मध्यप्रदेश के ग्वालियर के टेकनपुर स्थित बौना गांव की रहने वाली हैं. अंजू की शादी साल 2007 में राजस्थान के भिवाड़ी के रहने वाले अरविंद मीणा से हुई थी. फिलहाल एक महीने का वीजा लेकर पाकिस्तान गई है और उसका कहना है कि वीजा खत्म होते ही भारत लौट आएगी. हालांकि अंजू के पति ने उसे अब अपनाने से इनकार कर दिया है. वहीं उसके पिता ने भी कहा है कि अंजू ने देश का नाम खराब किया है और अब वह हमारे लिए मर गई है.
PUBG पर हुई थी सीमा-सचिन की मुलाकात
सीमा हैदर और सचिन की मुलाकात PUBG गेम्स खेलने के दौरान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बात बढ़ी और फिर सीमा पाकिस्तान से नेपाल होते हुए ग्रेटर नोएडा पहुंच गई. पुलिस को जब इसका पता चला तो यूपी ATS ने लगातार दो दिनों तक उससे पूछताछ की. खुफिया एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि सीमा बिना किसी दस्तावेज के पाकिस्तान से भारत कैसे पहुंची.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें