'सरकार किसानों को दे रही गोली की गारंटी, संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए'... कांग्रेस ने मांग कर BJP पर साधा निशाना

कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है.

Published date india.com Published: February 22, 2024 7:36 PM IST
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश

नई दिल्ली: कांग्रेस (Congress) ने केंद्र सरकार से संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है. कांग्रेस ने कहा कि आंदोलन चल रहा है और सरकार किसानों को बुलेट यानी गोली की गारंटी दे रही है. पीएम मोदी ये गारंटी दे रहे हैं. जो कुछ हो रहा है, इसे लेकर संसद में चर्चा होनी चाहिए. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) किसानों को ‘‘बुलेट की गारंटी’’ दे रहे हैं. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘‘किसान हमारे देश की रीढ़ हैं. अन्नदाताओं के दम पर ही हम हरित क्रांति और श्वेत क्रांति लाने में सक्षम हुए. इनकी मेहनत की वजह से ही कृषि के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बना. आज वही किसान जब एमएसपी की गारंटी मांग रहे हैं तब प्रधानमंत्री मोदी उन्हें ‘बुलेट की गारंटी’ दे रहे हैं.’’

रमेश ने कहा, ‘‘किसानों के ख़िलाफ़ आंसू गैस के गोले दागना और गोली चलाना अन्याय की पराकाष्ठा है. यह (सरकार) ‘चंदादाताओं’ का सम्मान और ‘अन्नदाताओं’ का अपमान कर रही है. कुछ ऐसा ही सलूक युवाओं के साथ हो रहा है. जब वे रोज़गार की मांग करते हैं तब उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं. ‘अग्निपथ’ जैसी योजनाओं से उनका भविष्य बर्बाद किया जा रहा है.’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘अब पिछले 10 साल के अन्याय काल का अंत नज़दीक है. कांग्रेस पार्टी अपने पांच न्याय एजेंडे के दो मुख्य स्तंभों-किसान न्याय और युवा न्याय के माध्यम से इन्हें न्याय का हक़ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.’’ पार्टी के ‘अखिल भारतीय किसान कांग्रेस’ प्रकोष्ठ प्रमुख सुखपाल सिंह खैरा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हरियाणा की भाजपा सरकार सच छिपा रही है और किसानों पर आरोप लगा रही है. किसान आंदोलन से जुड़े एक नौजवान शुभकरण सिंह की कल गोली मारकर हत्या कर दी गई, लेकिन हरियाणा सरकार यह मानने को तैयार नहीं है.’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘देश की पुलिस, किसानों पर अत्याचार कर रही है. आंदोलन से जुड़े 200 से ज्यादा किसान जख्मी हैं.’’ खैरा ने कहा, ‘‘एक तरफ सरकार किसानों को बैठक के लिए बुला रही है, दूसरी तरफ किसानों पर पुलिस बल प्रयोग कर रही है और आंसू गैस के गोले बरसा रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज किसान जिन मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उन पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए…पंजाब विधानसभा का भी विशेष सत्र बुलाकर चर्चा होनी चाहिए.’’ खैरा ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने किसान की मौत पर अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.