'लुटेरी सरकार को जवाब' का नारा, डबल इंजन पर जोर... तमिलनाडु में जमकर गरजे CM मोहन यादव

Written By: : Tanuja Joshi
Updated Date:April 21, 2026 8:49 PM IST

तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विपक्ष पर हमला बोला और एनडीए के समर्थन की अपील की. उन्होंने डबल इंजन सरकार की बात करते हुए विकास और महिला सशक्तिकरण को प्रमुख मुद्दा बताया.

Tamil Nadu Assembly Elections 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बीच सियासी माहौल लगातार गर्मा रहा है. इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य में चुनाव प्रचार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और सहयोगी दलों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की. उन्होंने नमक्कल जिले की रासीपुरम और तिरुपुर जिले की अविनाशी विधानसभा सीटों पर जनसभाओं को संबोधित किया और जनता से एनडीए (NDA) गठबंधन को समर्थन देने की अपील की.

Advertising
Advertising

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता भ्रष्टाचार और परिवारवाद को खत्म कर नई सरकार को मौका दे. उन्होंने ये भी कहा कि लोगों का मूड साफ संकेत दे रहा है कि इस बार तमिलनाडु में बदलाव की लहर है.

'डबल इंजन' पर भरोसा जताने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि देश में विकास और सुशासन का नया दौर शुरू हुआ है. उन्होंने दावा किया कि अगर तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनती है तो 'डबल इंजन' की ताकत से राज्य का तेजी से विकास होगा.

महिला सशक्तिकरण का मुद्दा

अपने भाषण में उन्होंने महिला सशक्तिकरण का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण से जुड़े प्रयासों में बाधा डालकर आधी आबादी के अधिकारों को कमजोर किया है. उनके अनुसार, एनडीए सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है.

राजनीतिक हमलों के बीच उन्होंने तमिलनाडु की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी जिक्र किया. उन्होंने राज्य को महान नेताओं और वैज्ञानिकों की भूमि बताते हुए यहां की जनता के योगदान को सराहा. उनका कहना था कि देश की प्रगति में तमिलनाडु की भूमिका हमेशा अहम रही है और आगे भी रहेगी.

प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री का अलग अंदाज भी देखने को मिला. उन्होंने स्थानीय परंपराओं को अपनाते हुए केले के पत्ते पर पारंपरिक दक्षिण भारतीय भोजन का आनंद लिया. इसके अलावा उन्होंने दक्षिण भारतीय परिधान पहनकर लोगों से जुड़ने की कोशिश की, जो वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.

रोड शो और जनसभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली. इससे ये संकेत मिला कि चुनावी मुकाबला इस बार काफी दिलचस्प होने वाला है. मुख्यमंत्री ने अपने भाषणों में बार-बार ये दोहराया कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि राज्य को नई दिशा देने का मौका है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें