
Kajal Kumari
पत्रकारिता में 12 साल से ज्यादा का अनुभव. साल 2009 में पीटीएन न्यूज चैनल से कैरियर की शुरुआत. 2011 से 2014 तक DDNews में कॉपी एडिटर, साल 2016 से 2020 ... और पढ़ें
Monsoon In India: मानसून के दस्तक देने से पहले पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है. दिल्ली-एनसीआर, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में गर्म हवाओं का कहर जारी है. हालांकि मानसून देश में जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उससे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत को गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, मौसम विभाग ने मुंबई समेत राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है. महाराष्ट्र के बाद मानसून जल्द ही दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में दस्तक देनेवाला है.
मुंबई में मानसून की दस्तक, भारी बारिश की चेतावनी जारी
मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में आज देर शाम या कल तक मानसून पहुंचेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 11 जून को मानसून के महाराष्ट्र पहुंचने की संभावना थी. लेकिन मानसून के पहले पहुंचने से इस हफ्ते महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. अगले 5 दिन में मौसम बिगगड़ने की चेतावनी दी गई है. इस दौरान मुंबई में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में 10 जून से अधिक बारिश होने की आशंका है.
बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड सहित कई राज्यों में 13 जून तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में 11 जून के कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई है, जिसकी वजह से 11 जून तक मानसून महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों (मुंबई समेत), तेलंगाना, आंध्र प्रदेश तक पहुंच जाएगा. उसके बाद 11 से 13 जून के बीच मानसून ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और गुजरात तक पहुंच सकता है.
अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर सहित राज्यों में होगी बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा के उत्तरी तट, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, विदर्भ और दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटे में तेज बारिश हो सकती है.
यूपी-मप्र में समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
अरब सागर के साथ ही बंगाल की खाड़ी में जबरदस्त हलचल के चलते उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश में मानसून एक सप्ताह पहले दस्तक दे सकता है. इसके तहत मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी आ गई है.
दिल्ली-एनसीआर को अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है. विभाग ने कहा है कि 11 जून तक आसमान साफ रहने के साथ-साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के बीच रहेगा. 13 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है. मौसम विभाग ने 13 और 14 जून को गरज के साथ बारिश का अनुमान लगाया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.