मुंबई में बारिश और तेज हवाओं का कहर! एयरपोर्ट पर 1 घंटे तक रुकी उड़ानें, कई फ्लाइट रद्द और डायवर्ट

Written By: Tanuja Joshi Updated by: Tanuja Joshi
Updated Date:July 5, 2026 7:21 PM IST

मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं ने हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया. सुरक्षा कारणों से रनवे संचालन करीब एक घंटे तक रोका गया, जिससे कई उड़ानें रद्द, डायवर्ट और देरी का शिकार हुईं. मौसम सुधरने के बाद सेवाएं सामान्य की गईं.

  • भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई एयरपोर्ट का रनवे एक घंटे के लिए बंद रहा.
  • मौसम खराब होने से 4 उड़ानें रद्द और 13 फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ीं.
  • अधिकांश घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तय समय से देरी से संचालित हुईं.
  • मौसम सामान्य होने के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू किया गया.

Mumbai Heavy Rain: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है. रविवार (5 जुलाई) को खराब मौसम के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे संचालन करीब एक घंटे के लिए रोकना पड़ा. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया ये फैसला यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना, क्योंकि कई उड़ानों का समय बदल गया, कुछ रद्द करनी पड़ीं और कई विमानों को दूसरे शहरों की ओर मोड़ दिया गया.

Advertising
Advertising

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सुबह मौसम अचानक खराब हो गया. तेज बारिश के साथ लगभग 42 नॉट्स की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं और विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई. ऐसे हालात में विमान संचालन जोखिम भरा हो सकता था, इसलिए मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत रनवे पर उड़ानों का आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिया गया.

चार फ्लाइट्स रद्द, 13 को करना पड़ा डायवर्ट

खराब मौसम का सबसे अधिक असर इंडिगो की उड़ानों पर देखने को मिला. एयरलाइन की चार उड़ानों को रद्द करना पड़ा। इनमें दिल्ली-मुंबई, मुंबई-इंदौर, इंदौर-मुंबई और मुंबई-दिल्ली रूट की सेवाएं शामिल रहीं. इसके अलावा अलग-अलग एयरलाइनों की 13 आने वाली उड़ानों को मौसम बिगड़ने के कारण नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया. मौसम में सुधार होने के बाद इन विमानों को दोबारा मुंबई लाया गया और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया.

यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार

रनवे बंद होने का असर पूरे दिन उड़ानों के शेड्यूल पर पड़ा. कई फ्लाइट्स तय समय से काफी देर बाद रवाना हुए, जबकि आने वाली कई उड़ानों में भी लंबी देरी दर्ज की गई. इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. एयरलाइनों ने यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.

मुंबई एयरपोर्ट कितना व्यस्त रहता है?

मुंबई का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल है। यहां प्रतिदिन लगभग 980 से 1,000 उड़ानों का संचालन होता है. औसतन हर घंटे करीब 48 विमान उड़ान भरते या उतरते हैं. ऐसे में अगर कुछ समय के लिए भी रनवे संचालन प्रभावित हो जाए, तो उसका असर पूरे दिन के उड़ान कार्यक्रम पर पड़ना स्वाभाविक है.

मौसम विभाग की चेतावनी बरकरार

मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन और एयरपोर्ट की आधिकारिक जानकारी पर नजर रखें. अगर मौसम इसी तरह बना रहता है तो आने वाले दिनों में भी उड़ान सेवाओं पर असर पड़ सकता है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें