सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में 3 गिरफ्तार, यूपी और बिहार से पकड़े गए आरोपी, जानें कैसे पुलिस को मिली लोकेशन
Chandranath Rath Murder Case: 6 मई की रात चंद्रनाथ रथ की हत्या उनके घर से कुछ ही दूरी पर कर दी गई थी. हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए थे. इनमें से कुछ की लोकेशन यूपी और बिहार में ट्रैक की गई थी.
Suvendu Adhikari PA murder case: पश्चिम बंगाल पुलिस ने सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक आरोपी यूपी के बलिया का रहने वाला है. राज सिंह का नाम का ये शूटर अयोध्या से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस इन आरोपियों को लेकर कोलकाता चली गई.
कैसे मिली पुलिस को लोकेशन की जानकारी
चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में आरोपी इन लोगों को जब पकड़ा गया जब आरोपियों में से एक ने एक टोल प्लाजा पर UPI के जरिए ऑनलाइन पेमेंट किया. इससे पुलिस को उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिली. गिरफ्तार किए गए लोगों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्या में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दो आरोपी बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं. एक आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है. अभी तक बंगाल पुलिस ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. माना जा रहा है कि जल्द पुलिस इस पर बयान जारी करेगी और अपराध के पीछे के मकसद और अन्य के बारे में विस्तार से बताया जाएगा.
बता दें कि सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात कोलकाता के उत्तरी इलाके में कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में दोहरिया में हुई थी. चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी थे और उनके एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के तौर पर काम करते थे.
फिल्मी स्टाइल में हुई थी हत्या
6 मई की रात मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ को बेहद करीब से गोली मारी थी. हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और खिड़की के शीशे के पार से उन्हें गोली मार दी. हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए. इस घटना में रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी.
6 मई की रात चंद्रनाथ रथ अपनी SUV गाड़ी में सवार थे. इसे उनके घर से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर रोका गया. एक सिल्वर रंग की Nissan Micra ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक दिया और जैसे ही चंद्रनाथ रथ की गाड़ी रुकी, बाइक पर सवार हमलावरों ने बहुत करीब से गोलीबारी शुरू कर दी.
4 मई को पश्चिम बंगाल के नतीजे आने के सिर्फ 2 दिन बाद हुए इस जघन्य़ अपराध ने राज्य में सियासी माहौल भी गर्म कर दिया. भाजपा ने इसके लिए सीधे तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया. घटना का तरीका देख कर ये समझ आया कि हमलावरों को पता था कि गाड़ी में चंद्रनाथ रथ कहां बैठे हैं. पुलिस का मानना है कि इस अपराध में कम से कम आठ लोग शामिल थे. कुछ स्थानीय लोगों के भी इसमें शामिल होने की शंका है.
शुरुआती जांच में सामने आया था कि हमले को अंजाम देने के लिए हमलावरों को राज्य के बाहर से बुलाया गया था. इसके बाद से ही पश्चिम बंगाल पुलिस की दो टीमों को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया था. पुलिस को ये भी पता चला कि हत्याकांड में इस्तेमाल की गईं दो मोटरसाइकिलें और सिल्वर रंग की Nissan Micra कार चोरी की थीं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें