हनीमून ट्रिप बना मौत का रहस्य! मसूरी होमस्टे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, कमरे से मिले खून के निशान
मसूरी के एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर मृत मिलीं. कमरे से खून के निशान और शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है.
Mussoorie Mystery Death: मसूरी के शांत पहाड़ों के बीच स्थित एक होमस्टे में हुई रहस्यमयी मौत ने पुलिस और परिवार दोनों को चिंता में डाल दिया है. गुरुग्राम में काम करने वाली एक 27 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, नवविवाहित दंपती कुछ दिन की छुट्टियां बिताने उत्तराखंड पहुंचे थे दोनों ने पहले ऋषिकेश में समय बिताया और इसके बाद मसूरी-धनोल्टी के रास्ते पर स्थित एक होमस्टे में रुपने का फैसला किया. रविवार (14 जून) देर रात दोनों ने होमस्टे में चेक-इन किया था. पुलिस को दिए बयान में पति ने बताया कि रात में दोनों ने खाना खाया और देर रात आराम करने चले गए. सोमवार सुबह जब उसकी आंख खुली तो उसने अपनी पत्नी को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पाया. महिला के नाक और मुंह से खून निकल रहा था. घबराए पति ने तुरंत होमस्टे मैनेजर और पुलिस को इसकी सूचना दी.
बिस्तर की चादर पर खून के धब्बे
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में महिला को मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच कराई गई. पुलिस ने कमरे से कई सबूच जुटाए हैं, जिनमें बिस्तर की चादर पर मिले खून के धब्बे और शराब की खाली बोतलें शामिल हैं. जांच अधिकारियों का कहना है कि ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले दोनों ने शराब का सेवन किया था या नहीं और क्या इसका किसी तरह से मौत से संबंध हो सकता है.
घटनास्थल से सैंपल लेकर लेब भेजे गए हैं. कमरे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है ताकि हर पहलू का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण किया जा सके. मृतका गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थीं, जबकि उनके पति पुणे में आईटी क्षेत्र से जुड़े हैं. शादी के बाद दोनों अलग-अलग शहरों में नौकरी कर रहे थे. परिवार के सदस्यों के मसूरी पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें मामले के बारे में जानकारी दी.
पुलिस ने मामले को लेकर क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही साफ हो सकेगा कि ये प्राकृतिक मौत थी, दुर्घटना थी या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है. फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक खुशहाल छुट्टी पर निकला नवविवाहित जोड़ा अचानक ऐसी त्रासदी का शिकार कैसे हो गया, इसका जवाब अब जांच एजेंसियां तलाश रही हैं. परिवार और पुलिस दोनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे इस रहस्यमयी मौत की असली तस्वीर सामने आ सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें