
Gargi Santosh
गार्गी संतोष, जी मीडिया के India.com में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह हाइपरलोकल, नेशनल और वर्ल्ड सेक्शन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. गार्गी को लाइफस्टाइल, हेल्थ, टेक्नोलॉजी, और ... और पढ़ें
नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) के अंतरिक्ष यात्री ने स्पेस से एक ऐसा वीडियो साझा किया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया. इस वीडियो में धरती पर फैले विशाल तूफानों के ऊपर बिजली चमकती हुई दिखाई दे रही है. लेकिन यह नजारा जमीन से नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से कैद किया गया है. वीडियो में बादलों के अंदर और ऊपर चमकती बैंगनी रंग की बिजली बार-बार दिखाई देती है, जो देखने में बेहद रहस्यमयी लगती है. पेटिट ने बताया कि यह दृश्य स्टेशन के ठीक नीचे यानी नाडिर व्यू से रिकॉर्ड किया गया था, जहां से तूफानों का फैलाव सैकड़ों किलोमीटर तक साफ नजर आता है.
इस फुटेज की खास बात यह है कि इसमें सामान्य बिजली के अलावा कुछ बेहद दुर्लभ रोशनियां भी दिखती हैं. इनमें लाल रंग की चमक जिन्हें स्प्राइट्स कहा जाता है, और नीले रंग की पतली रोशनी जिन्हें ब्लू जेट्स कहा जाता है, शामिल हैं. ये रोशनियां आम तौर पर बादलों के बहुत ऊपर बनती हैं और जमीन से दिखाई नहीं देतीं. जब तूफान के अंदर बहुत तेज बिजली गिरती है, तो उसका असर ऊपरी वातावरण तक पहुंचता है और हवा में मौजूद गैसें चमकने लगती हैं. इसी वजह से आसमान में ये अजीब लेकिन खूबसूरत रंग दिखाई देते हैं.
Nadir ISS views of bright purple lightning flashing through clouds. Overhead observation of storms this large is best done from orbit, where we keep watch for rare spites and blue jets visible from above! pic.twitter.com/H7DuuU6g7j
— Don Pettit (@astro_Pettit) January 2, 2026
धरती से देखने पर घने बादल इन रोशनियों को छिपा लेते हैं, लेकिन अंतरिक्ष से कोई रुकावट नहीं होती. अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन करीब 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी की परिक्रमा करता है, जिससे वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों को तूफानों को ऊपर से देखने का अनोखा मौका मिलता है. डॉन पेटिट ने यह वीडियो अपने चौथे अंतरिक्ष मिशन के दौरान रिकॉर्ड किया था, जो सितंबर 2024 से अप्रैल 2025 तक चला. इस ऊंचाई से तूफानों का असली आकार और उनकी ताकत साफ समझ में आती है, जो किसी विमान या जमीन से संभव नहीं है.
70 साल की उम्र में भी डॉन पेटिट नासा के सबसे अनुभवी और रचनात्मक अंतरिक्ष यात्रियों में गिने जाते हैं. वे अपनी खास अंतरिक्ष फोटोग्राफी के लिए जाने जाते हैं और कई बार खुद के बनाए उपकरणों से अनोखे दृश्य कैद करते हैं. उनकी तस्वीरें और वीडियो अक्सर धरती को एक बिल्कुल नए नजरिए से दिखाते हैं. इस बार का वीडियो संभवतः किसी उष्णकटिबंधीय तूफान के ऊपर का है, जहां बिजली सैकड़ों किलोमीटर में फैलती नजर आती है. अप्रैल 2025 में पृथ्वी पर लौटने के बाद भी उनका काम लोगों को अंतरिक्ष और विज्ञान में रुचि लेने के लिए प्रेरित करता है.
यह वीडियो सिर्फ देखने में खूबसूरत नहीं है, बल्कि विज्ञान के लिए भी बेहद अहम है. वैज्ञानिक इन तस्वीरों की मदद से यह समझने की कोशिश करते हैं कि बिजली और ऊर्जा ऊपरी वायुमंडल में कैसे व्यवहार करती है. ऐसे विद्युत घटनाक्रम रेडियो संचार, सैटेलाइट सिग्नल और मौसम के पैटर्न को भी प्रभावित कर सकते हैं. जैसे-जैसे दुनिया में तूफान और चरम मौसम की घटनाएं बढ़ रही हैं, अंतरिक्ष से मिले ऐसे आंकड़े जलवायु अध्ययन के लिए और भी जरूरी हो जाते हैं. नासा इसलिए अंतरिक्ष यात्रियों को धरती की ऐसी दुर्लभ घटनाओं को दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करता है, ताकि वैज्ञानिक धरती के छिपे हुए रहस्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.