NEET UG 2026: NEET परीक्षा की नई तारीख घोषित, अब 21 जून को होगा Exam, NTA ने की ये अपील

NEET UG 2026 Exam New Date: 3 मई को हुई NEET UG परीक्षा को पेपर लीक के कारण रद्द कर दिया गया था. अब ये परीक्षा नए सिरे से 21 जून को आयोजित की जाएगी. इस दौरान हाई लेवल की सतर्कता बरती जाएगी.

Written by: Shivendra Rai
Updated: May 15, 2026, 10:59 AM IST

NEET UG 2026 Exam New Date: NEET परीक्षा की नई तारीख घोषित हो गई है. अब ये परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी. ये परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द हो गई थी जिसकी वजह से 22 लाख से ज्यादा छात्र अनिश्चितता में फंस गए थे. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को NEET UG परीक्षा कराई थी. इस पेपर लीक से जुड़े मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है.

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नई तारीखों की घोषणा करते हुए परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध किया है कि केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें. इसके लिए वेबसाइट neet-ug@nta.ac.in पर जाने की सलाह दी गई है. साथ ही 011-40759000 और 011-69227700 फोन नंबर भी शेयर किए गए हैं.

ये भी पढ़िए- कितनी बार हुआ है नीट एग्जाम का पेपर लीक?

क्यों रद्द हो गई थी परीक्षा

नीट-यूजी 2026 का पेपर राजस्थान के कोचिंग हब सीकर से लीक होने का मामला सामने आया था. इसके बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया. मामले की जांच कर रही सीबीआई कोचिंग संस्थानों, बिचौलियों, छात्रों और आरोपियों के रिश्तेदारों के संभावित संबंधों की जांच कर रही है. CBI ने इस मामले में जयपुर से चार आरोपियों-मांगीलाल बीवाल, उसका बेटा विकास, दिनेश बीवाल और हरियाणा निवासी यश यादव को गिरफ्तार किया है. जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि इस नेटवर्क का तालमेल सीकर में ही शुरू हुआ था.

पेपर लीक का मामला अब एक राजनीतिक मुद्दा भी बन गया है. इसे लेकर केंद्र सरकार गंभीर है. सरकार ने भी माना कि इस बार पेपर लीक बड़े पैमाने पर हुआ है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच करते हुए पूरे देश में लगातार छापेमारी कर रही है. सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक के संबंध में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर 12 मई 2026 को मामला दर्ज किया था.

100 सवाल पहले ही लीक कर दिए गए थे

केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में अदालत को बताया है कि जांच के दौरान व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैट से कई सबूत मिले हैं. जांच एजेंसी के अनुसार, करीब 100 सवाल पहले ही लीक कर दिए गए थे और आरोपियों द्वारा प्रश्नपत्र के साथ उत्तर कुंजी भी उपलब्ध कराई गई थी. सीबीआई ने साफ किया है कि यह एक व्यापक साजिश है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है, इसका पता लगाना जरूरी है. एजेंसी ने कहा है कि इस पूरे नेटवर्क में संभावित रूप से पब्लिक सर्वेंट, सरकारी कर्मचारी और प्रिंटिंग प्रेस से जुड़े लोगों की संलिप्तता की जांच करनी जरूरी है.

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्न लीक किए थे ताकि अभ्यर्थियों को बेहतर अंक मिल सकें और उन्हें जयपुर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने में मदद मिल सके.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.