नई दिल्ली से पठानकोट के बीच हवाई सेवा शुरू, बना देश का 21वां एयरपोर्ट

एयर इंडिया के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एलायंस एयर ने एटीआर विमान के साथ आज दिल्ली-पठानकोट रूट पर परिचालन शुरू किया.

Published date india.com Updated: April 5, 2018 9:47 PM IST
Air India

नई दिल्ली:  दिल्ली से पठानकोट तक की पहली उड़ान का शुभारंभ गुरुवार को आईजीआई एयरपोर्ट पर आयोजित एक समारोह में वाणिज्य एवं उद्योग और नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने किया. इसके साथ ही अब उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) – आरसीएस (क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना) के तहत 21वें हवाई अड्डे के रूप में पठानकोट एयरपोर्ट पर परिचालन शुरू हो गया है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ‘उड़ान’ की क्रियान्वयनकारी एजेंसी है.

एयर इंडिया के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एलायंस एयर ने एटीआर विमान के साथ आज दिल्ली-पठानकोट रूट पर परिचालन शुरू किया. दिल्ली से पठानकोट तक की उड़ान का संचालन सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को होगा. यह उड़ान दिल्ली से सुबह 09:55 बजे रवाना होगी और सुबह 11:30 बजे पठानकोट पहुंचेगी. पठानकोट से अपनी वापसी के दौरान यह उड़ान 11:50 बजे रवाना होगी और 13:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इस उड़ान के शुभारंभ के साथ ही इन दोनों शहरों के बीच सफर में लगने वाला समय काफी घट जाएगा.

यह ‘उड़ान’ के तहत एलायंस एयर द्वारा संचालित 19वां रूट है. इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा 27 अप्रैल, 2017 को किया गया था. 27 अप्रैल, 2017 को ‘उड़ान’ के तहत पहली उड़ान का संचालन एलायंस एयर द्वारा शिमला-दिल्ली रूट पर किया गया था. एलायंस एयर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में टॉप पर रही है और वह वर्तमान में 49 गंतव्यों के नेटवर्क का परिचालन करती है. एलायंस एयर विभिन्न क्षेत्रीय गंतव्यों को आपस में जोड़ने के लिए नए रूटों पर निरंतर फोकस करती रही है.

इस एयरलाइन को ‘उड़ान-2’ के तहत 18 नए रूट आवंटित किए गए हैं जिन पर इस वर्ष नई उड़ानों का संचालन क्रमिक रूप से शुरू किया जा रहा है. एयर इंडिया के साथ अपने कोडशेयर के जरिए एलायंस एयर देश के भीतर न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुलभ कराती है, बल्कि देश-विदेश में एयर इंडिया के नेटवर्क पर क्षेत्रीय यात्रियों को निर्बाध कनेक्टिविटी की सुविधा भी प्रदान करती है.

-इनपुट आईएएनएस

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.