Nia Arrests Four People In International Human Trafficking And Cyber Fraud Case
विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवकों को फंसाने वाले गैंग का भंडाफोड़, NIA ने चार को पकड़ा
आरोपी भारतीय युवाओं को तस्करी के माध्यम से बाहर भेजते थे और इनसे लाओस, गोल्डेन ट्राएंगल सेज और दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्र के अन्य स्थानों पर फर्जी कॉल सेंटर में जबरन काम करवाते थे.
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने नौकरियों का लालच देकर भारतीय युवाओं को तस्करी के माध्यम से विदेश भेजने के सिलसिले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. एक बयान के अनुसार, चारों आरोपियों को सोमवार (15 जुलाई) को गिरफ्तार किया गया था. आरोपियों की पहचान दिल्ली के मंजूर आलम उर्फ गुड्डू, बहादुरगढ़ (हरियाणा) के साहिल और आशीष उर्फ अखिल तथा सीवान (बिहार) के पवन यादव उर्फ अफरोज उर्फ अफजल के रूप में हुई है.
विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवकों से करवाते ये काम
एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि ये लोग एक संगठित तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं. ये भारतीय युवाओं को आकर्षक नौकरी दिलाने का लालच देकर उन्हें तस्करी के माध्यम से दूसरे देशों में भेजता है. एनआईए के बयान में कहा गया है, तस्करी के माध्यम से बाहर भेजे जाने वाले इन युवकों से लाओस, गोल्डेन ट्राएंगल सेज और दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्र के अन्य स्थानों पर फर्जी कॉल सेंटर में जबरन काम करवाया जाता था. इस पूरे धंधे में भारत के विभिन्न हिस्सों, लाओस एवं अन्य देशों में सक्रिय विदेशी नागरिकों का एक विशाल नेटवर्क सक्रिय था.
क्रिप्टोकरेंसी, निवेश घोटाले और न जाने क्या-क्या
एनआईए ने कहा कि इन कॉल सेंटर के माध्यम से युवकों को निवेश घोटाले, रिलेशनशिप घोटाले, क्रिप्टोकरेंसी घोटाले जैसी अवैध ऑनलाइन गतिविधियां करने के लिए बाध्य किया जाता था. एनआईए ने पिछले महीनें 19 जून को दिल्ली पुलिस से इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी.
साइबर ठगी के मामलों में 8 नयी FIR
मई में जांच एजेंसी ने छह राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों में वहां की पुलिस की मदद से 15 स्थानों की सघन तलाशी ली थी. इन तलाशी के फलस्वरूप मानव तस्करी और साइबर ठगी मामलों के सिलसिले में आठ नयी प्राथमिकी दर्ज की गई. एनआईए ने जून में मुंबई में ऐसे ही एक मामले में विदेशी नागरिकों समेत पांच आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.