भारत के ट्रांसपोर्ट सेक्टर में 4.5 करोड़ लोगों को मिलेगा रोजगार, WION World Pulse समिट में बोले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी
WION World Pulse Summit: नितिन गडकरी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर ने 4.5 करोड़ रोजगार दिए. भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और 5 ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है.
WION World Pulse Summit: नितिन गडकरी ने WION वर्ल्ड पल्स समिट में कहा कि भारत का ट्रांसपोर्ट सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है. उन्होंने बताया कि इस सेक्टर ने अब तक लगभग 4.5 करोड़ लोगों को रोजगार दिया है. गडकरी ने यह भी कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, और आने वाले समय में इसकी ग्रोथ और तेज होने की उम्मीद है.
भारत की अर्थव्यवस्था और विजन 5 ट्रिलियन
गडकरी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी का सपना है कि भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाया जाए. इस लक्ष्य को हासिल करने में ट्रांसपोर्ट सेक्टर की बड़ी भूमिका है. उन्होंने बताया कि सड़क, हाईवे और लॉजिस्टिक्स के बेहतर होने से व्यापार बढ़ता है और उद्योगों को फायदा मिलता है. इसी वजह से ट्रांसपोर्ट सेक्टर को देश की तरक्की का आधार माना जा रहा है.
ये भी पढ़े: WION World Pulse: 'जमीन पर नहीं लड़ी जाएंगी भविष्य की जंग', एक्सपर्ट ने बताया कहां होगा युद्ध का मैदान
ट्रांसपोर्ट सेक्टर की तेज ग्रोथ
गडकरी ने आंकड़ों के जरिए बताया कि साल 2014 में जब बीजेपी सरकार आई थी, तब ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री का आकार करीब 7 ट्रिलियन रुपये था. लेकिन अब यह बढ़कर 23 ट्रिलियन रुपये हो गया है. उन्होंने कहा कि पहले भारत इस सेक्टर में सातवें स्थान पर था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है और जापान को पीछे छोड़ दिया है. इस समय अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर हैं.
रोजगार और राजस्व में बड़ा योगदान
गडकरी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट सेक्टर देश में रोजगार देने के मामले में सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है. यह सेक्टर न सिर्फ करोड़ों लोगों को काम देता है, बल्कि देश के निर्यात में भी बड़ा योगदान करता है. इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों को सबसे ज्यादा राजस्व भी इसी सेक्टर से मिलता है. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि ट्रांसपोर्ट सिस्टम सुरक्षित, प्रदूषण मुक्त और टिकाऊ बनाया जाए.
इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधार पर जोर
गडकरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि दिल्ली के धौला कुआं इलाके में ट्रैफिक की समस्या को देखकर उन्होंने अधिकारियों को हाईवे विस्तार का निर्देश दिया था. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सड़कों और हाईवे को बेहतर बनाने पर काम कर रही है, ताकि ट्रैफिक कम हो और लोगों को आसानी से सफर करने की सुविधा मिले. उनका मानना है कि बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर से देश की अर्थव्यवस्था और तेजी से आगे बढ़ेगी.
ये भी पढ़े: WION World Pulse summit: एक देश, एक नैरेटिव नहीं तय करेगा वर्ल्ड ऑर्डर : डॉ सुभाष चंद्रा
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें