Lok Sabha Elections 2024: नीतीश, तेजस्वी ने राहुल गांधी, खड़गे के संग की मीटिंग, विपक्षी दलों को एकजुट करने का फैसला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने और 'विपक्ष का दृष्टिकोण' सामने रखने का निर्णय लिया गया

Published date india.com Published: April 12, 2023 4:12 PM IST
Lok Sabha Elections 2024: नीतीश, तेजस्वी ने राहुल गांधी, खड़गे के संग की मीटिंग, विपक्षी दलों को एकजुट करने का फैसला
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की. (फोटो; कांग्रेस ट्विटर)

नई दिल्ली: देश में अगले साल 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के लिए जेडीयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री (Bihar Chief Minister) नीतीश कुमार ( Nitish Kumar ) और बिहार के उप – मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav)  ने आज बुधवार को कांग्रेस नेतृत्व के साथ एक मीटिंग की. बिहार के दोनों नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress president Mallikarjun Kharge )और राहुल गांधी से यह मीटिंग की है.

2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस मीटिंग में  भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अधिक से अधिक विपक्षी दलों को एकजुट करने और देश के लिए ‘विपक्ष का दृष्टिकोण’ सामने रखने का निर्णय लिया गया.

राहुल गांधी ने भी इस बैठक को विपक्षी एकजुटता के लिहाज से ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि विचाराधारा की लड़ाई को मिलकर लड़ा जाएगा. उनका कहना था, विपक्ष को एकजुट करने में बहुत ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. यह एक प्रक्रिया है. देश के लिए विपक्ष के दृष्टिकोण को विकसित करेंगे. जितनी भी पार्टियां हमारे साथ चलेंगी, उनको साथ लेकर देश में विचारधारा की लड़ाई को लड़ेंगे. संस्थाओं और देश पर जो आक्रमण हो रहा है उसके खिलाफ हम एकसाथ मिलकर खड़े होंगे.

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने इस बैठक को ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि आगे सभी विपक्षी दलों को एकजुट करना है. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, हमने यहां पर ऐतिहासिक बैठक की है और बहुत सी चीजों पर चर्चा की है. हम सभी ने मिलकर तय किया कि सभी पार्टियों को एकजुट करना है और आने वाले चुनाव में एकजुट होकर लड़ना है. हम सब मिलकर इसी रास्ते पर काम करेंगे.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

जद(यू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने कहा कि यहां अंतिम रूप से बातचीत हो गई और इसी के आधार पर आगे अधिक से अधिक दलों को साथ लाना है. उन्होंने कहा, हम अधिक से अधिक पार्टियों को पूरे देश में एकजुट करने का प्रयास करेंगे. सब लोग सहमति जताएंगे, एकसाथ बैठेंगे, मिलकर चलेंगे. यह बात तय हुई है. अंतिम तौर पर बात हो गई है, उसी के आधार पर आगे चलेंगे. जितने लोग सहमत होंगे उन सभी लोगों के साथ मिलकर आगे की चीजें तय करेंगे. यह पूछे जाने पर कि कितने दल साथ आएंगे तो बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा, जिस दिन बैठेंगे, उस दिन जानिएगा. बहुत ज्यादा लोग इकट्ठा होंगे.

कांग्रेस अध्यक्ष  के आवास पर हुई इस बैठक में खड़गे, नीतीश और राहुल गांधी के अलावा बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री संजय झा, राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी मौजूद रहे.

इस बैठक से कुछ दिनों पहले ही खरगे ने नीतीश कुमार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की थी.

जनता दल (यूनाइटेड) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार पहले भी कई बार कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए हाथ मिलाने की सलाह दे चुके हैं. इसी साल फरवरी में कुमार ने इस बात पर जोर दिया था कि यदि कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल 2024 का लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ते हैं, तो भाजपा 100 सीट से कम सीट पर सिमट जाएगी.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.