आ गई फाइनल डेट! नोएडा एयरपोर्ट पर सबसे पहले उड़ान भरेगी यहां के लिए फ्लाइट, इन शहरों से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से उड़ानों की शुरुआत होगी. हैदराबाद, अमृतसर, बेंगलुरु और जम्मू समेत 16 शहरों को जोड़ने की तैयारी की गई है.

Written by: Rishabh Kumar
Published: June 13, 2026, 9:10 PM IST

Noida Airport: कई महीनों के इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है. 15 जून को एयरपोर्ट से पहली औपचारिक उड़ानें संचालित की जाएंगी. इसके साथ ही अगले कुछ हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से नियमित घरेलू उड़ानें शुरू होंगी. इस नए एयरपोर्ट के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. शुरुआती चरण में 11 राज्यों के 16 शहरों को एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा.

उद्घाटन के दिन उड़ेंगी विशेष फ्लाइट्स

15 जून को एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर दो विशेष उड़ानें चलाई जाएंगी. इनमें लखनऊ-नोएडा और बेंगलुरु-नोएडा रूट शामिल हैं. जानकारी के अनुसार पहली फ्लाइट सुबह लखनऊ से नोएडा पहुंचेगी. इसके बाद वही विमान बेंगलुरु के लिए रवाना होगा. शाम को यह फ्लाइट वापस नोएडा होते हुए लखनऊ जाएगी. इन उड़ानों के जरिए एयरपोर्ट संचालन की औपचारिक शुरुआत की जाएगी. माना जा रहा है कि इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं.

हैदराबाद और अमृतसर के लिए रोजाना उड़ान

15 जून से ही हैदराबाद, नोएडा और अमृतसर के बीच नियमित दैनिक उड़ानें शुरू होंगी. सुबह विमान हैदराबाद से नोएडा पहुंचेगा और फिर अमृतसर जाएगा. वापसी में यही विमान अमृतसर से नोएडा होते हुए हैदराबाद लौटेगा. इससे उत्तर और दक्षिण भारत के बीच हवाई यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी. यात्रियों को कम समय में बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.

16 जून से जुड़ेंगे बेंगलुरु और जम्मू

एयरपोर्ट का नेटवर्क 16 जून से और मजबूत होगा. इस दिन से बेंगलुरु-नोएडा-जम्मू रूट पर रोजाना उड़ानें शुरू होने की योजना है. यह सेवा व्यापारिक यात्रियों के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन के लिए भी काफी उपयोगी मानी जा रही है. बेंगलुरु से आने वाले यात्री नोएडा के जरिए आसानी से जम्मू पहुंच सकेंगे. इससे उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच संपर्क और बेहतर होगा.

जुलाई से 12 नए शहरों को मिलेगा फायदा

1 जुलाई से एयरपोर्ट का नेटवर्क और बड़ा होने जा रहा है. इस चरण में नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, बरेली, किशनगढ़, लखनऊ, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ के लिए नियमित उड़ानें शुरू की जाएंगी. खास बात यह है कि बरेली के लिए सप्ताह में चार दिन उड़ानें उपलब्ध होंगी, जबकि बाकी दिनों में उसी स्लॉट पर किशनगढ़ की सेवा चलेगी. ऐसा माना जा रहा है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में उत्तर भारत का बड़ा एविएशन हब बन सकता है. इससे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा और पूरे एनसीआर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.