Noida News: नोएडा में बवाल के बाद जगह-जगह जाम, इन रास्तों पर जानें से बचें, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

Noida Protest News Today: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में सोमवार को सैलरी की मांग को लेकर हो रहा विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रशासन के आश्वासनों के बावजूद श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर तोड़फोड़ की.

Published date india.com Updated: April 13, 2026 2:04 PM IST
Noida News: नोएडा में बवाल के बाद जगह-जगह जाम, इन रास्तों पर जानें से बचें, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

Noida Traffic News Today: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक केंद्र नोएडा के फेज-2 इलाके में सोमवार (13 अप्रैल 2026) की सुबह उस समय बवाल हो गया, जब वेतन और श्रम अधिकारों को लेकर चल रहा श्रमिकों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन अचानक हिंसक हो उठा. सुबह करीब 9:30 बजे एक निजी कंपनी के सैकड़ों कर्मचारी अपनी लंबित सैलरी और अन्य मांगों को लेकर एकत्रित हुए थे.

पुलिस के साथ हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में व्यापक हिंसा, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं. प्रदर्शनकारियों ने न केवल पत्थरबाजी की, बल्कि कुछ वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़ भी की.

हिंसा के बाद पुलिस की कार्रवाई

स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए जिले के आला अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया. ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हिंसा भड़काने के आरोप में करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है.

जगह-जगह लगा लंबा जाम

इस विरोध प्रदर्शन का सबसे बुरा असर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के यातायात पर पड़ा. सोमवार का दिन होने के कारण कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. सेक्टर-62, सेक्टर-16 और एनएच-9 जैसे प्रमुख मार्गों पर श्रमिकों ने जाम लगा दिया, जिससे गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं.

इन रास्तों से बचकर

दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करने वाले अक्षरधाम मार्ग को भी प्रदर्शनकारियों ने बाधित कर दिया, जिससे दिल्ली और मयूर विहार की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए स्थिति गंभीर हो गई. मयूर विहार के क्राउन प्लाजा फ्लाईओवर के पास घंटों तक वाहन रेंगते नजर आए.

NH-24 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, सेक्टर-62 और इंदिरापुरम के पास यातायात की गति बेहद धीमी है. सेक्टर 62, 63, 64, 65 और 66 के आंतरिक रास्तों पर भारी भीड़ है. सेक्टर 15, 16, 18 और नोएडा मोड़ के पास प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी से रास्ता बाधित है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

दादरी रोड और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एलिवेटेड रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं. चिल्ला बॉर्डर और DND फ्लाईवे पर सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग की गई है, जिससे ट्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है.

दिल्ली से नोएडा आने वाले यात्रियों के लिए-

सेक्टर 15-18 और नोएडा मोड़ वाले पारंपरिक रास्तों पर जाने से बचें. इसकी जगह DND फ्लाईवे का सहारा लें या फिर परिस्थिति के अनुसार कालिंदी कुंज के रास्ते नोएडा में प्रवेश करें.

गाजियाबाद और इंदिरापुरम से नोएडा जाने वालों के लिए-

NH-24 पर सेक्टर-62 के पास जाने से परहेज करें. बेहतर होगा कि आप आनंद विहार से होते हुए DND लें और फिर नोएडा एक्सप्रेसवे का उपयोग करें. इसके अलावा, सेक्टर 71-75 की अंदरूनी सड़कों के माध्यम से भी शहर में प्रवेश किया जा सकता है.

नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वालों के लिए-

फिलहाल दादरी रोड और एलिवेटेड रोड का उपयोग करना जोखिम भरा हो सकता है. सुगम यात्रा के लिए सीधे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का मार्ग चुनें.

ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर जारी

यातायात पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए सेक्टर-62 गोलचक्कर और एनआईबी पुलिस चौकी के बीच डायवर्जन लागू किया है और सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (9971009001) भी जारी किया है.

श्रमिकों की प्रमुख मांगें

दिलचस्प बात यह है कि यह हिंसा उस आश्वासन के मात्र 24 घंटे बाद हुई, जो जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने रविवार को बैठक के दौरान श्रमिकों को दिया था. श्रमिकों की मांगों की सूची लंबी है, जिसमें मुख्य रूप से ये मांग शामिल हैं-

वेतन और बोनस- वेतन में सम्मानजनक वृद्धि, समय पर भुगतान और दिवाली बोनस की मांग.

ओवरटाइम और अवकाश- अतिरिक्त काम के लिए नियमानुसार दोगुना भुगतान और नियमित साप्ताहिक अवकाश की गारंटी.

पारदर्शिता- प्रत्येक माह वेतन के साथ सैलरी स्लिप देना अनिवार्य हो.

सुरक्षा और निवारण- कार्यस्थल पर महिला सुरक्षा के लिए यौन उत्पीड़न समिति का गठन और श्रमिकों की समस्याओं के लिए एक समर्पित शिकायत निवारण सेल की स्थापना.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कड़ा रुख

नोएडा की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में श्रम विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट लहजे में कहा कि श्रमिकों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने निर्देश दिए कि हर श्रमिक को सुरक्षित कार्य वातावरण और समयबद्ध मानदेय मिलना चाहिए.

अराजकता फैलाने वालों पर सख्त एक्शन के आदेश

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अगले 24 घंटे के भीतर सभी औद्योगिक संगठनों और इकाई प्रबंधनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का आदेश दिया. हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि श्रमिकों के हितों की आड़ में अराजकता फैलाने वाले और नक्सलवाद जैसी विचारधारा को हवा देने वाले तत्वों को कतई न बख्शा जाए.

उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि माहौल बिगाड़ने वाली साजिशों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए. फिलहाल, नोएडा के प्रभावित इलाकों में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है. प्रशासन उद्योग मालिकों और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है ताकि औद्योगिक शांति बहाल हो सके.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.