Opposition Attacks Bjp Over Howrah Mumbai Mail Accident And Called Ashwini Vaishnaw Reel Minister
Jharkhand Train Accident: 'रेल मंत्री हैं रील मिनिस्टर', विपक्ष ने ट्रेन हादसों को लेकर की केंद्र की आलोचना
Jharkhand Train Accident: झारखंड में मुंबई-हावड़ा मेल के कम से कम 18 डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद विपक्षी नेताओं ने रेल मंत्री की जमकर आलोचना की है.
Jharkhand Howrah-Mumbai Train Accident: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में मंगलवार सुबह मुंबई-हावड़ा मेल के 18 डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई. हादसे में 20 अन्य लोग घायल हो गए. इस रेल दुर्घटना के बाद विपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की.
तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में अब यह सामान्य बात हो गई है. पार्टी ने रेल मंत्रालय की कोई जवाबदेही नहीं होने का भी आरोप लगाया. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और सरकार से हाल की रेल दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी लेने तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपाय लागू करने का आग्रह किया.
‘हम इसे कब तक बर्दाश्त करेंगे’
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘एक और भयावह रेल दुर्घटना. झारखंड के चक्रधरपुर डिवीजन में आज सुबह हावड़ा-मुंबई मेल पटरी से उतर गई, कई मौतें और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए. मैं गंभीरता से पूछती हूं कि क्या यही शासन है? लगभग हर हफ्ते हादसे हो रहे हैं. हम इसे कब तक बर्दाश्त करेंगे?’
‘कितनी दुर्घटनाओं के बाद जागेगी सरकार’
तृणमूल सांसद सुष्मिता देव ने लिखा, ‘यह सामान्य बात होती जा रही है. (रेल मंत्री) अश्विनी वैष्णव जी की जवाबदेही शून्य है. भारत सरकार के पास कोई जवाब नहीं है.’ पार्टी की एक अन्य सांसद सागरिका घोष ने भी सवाल किया कि केंद्र और कितनी रेल दुर्घटनाओं के बाद नींद से जागेगा.
रेल मंत्री को बताया रील मिनिस्टर
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘कई मौतों और आज तक कोई जवाबदेही नहीं होने के कारण, मुझे लगता है कि इसका भी कोई असर नहीं होगा. मुआवजे की घोषणा करें, जांच का वादा करें और फिर किसी अन्य पीआर इंस्टाग्राम रील पर चले जाएं.
चतुर्वेदी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर हमला करते हुए उन्हें “रील मिनिस्टर” कहा और ट्रेनों में भीड़भाड़ की आलोचना करते हुए कहा, ‘लोग शौचालयों में यात्रा कर रहे हैं लेकिन सरकार को शर्म नहीं आती.’
Add India.com as a Preferred Source
‘सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं’
कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नये भारत में कोई जवाबदेही तय नहीं होती, किसी का इस्तीफा नहीं होता और सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, जिनका कोई मतलब नहीं होता.
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह कटाक्ष भी किया कि एक के एक बाद रेल हादसों के बावजूद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ‘पीआर मशीन’ जारी है. रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘एक और रेल दुर्घटना, लेकिन फेल मंत्री की पीआर मशीन जारी है. अकेले जून और जुलाई 2024 में ‘असफल मंत्री’ के तहत तीन दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कुल मिलाकर 17 भारतीय नागरिकों की जान चली गई और 100 लोग घायल हो गए.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.