LoC पर उकसावे की कोशिश? सेना प्रमुख की सख्त चेतावनी के बाद भी राजौरी सेक्टर में दिखे पाकिस्तानी ड्रोन

सेना प्रमुख की पाकिस्तान को सख्त चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में कई ड्रोन देखे गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. ड्रोन दिखाई देने की सूचना के बाद सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया.

Published date india.com Published: January 13, 2026 9:57 PM IST
LoC पर उकसावे की कोशिश? सेना प्रमुख की सख्त चेतावनी के बाद भी राजौरी सेक्टर में दिखे पाकिस्तानी ड्रोन

Pakistan Drones Spotted: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास मंगलवार (13 जनवरी) को कम से कम दो ड्रोन देखे जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ ही घंटे पहले थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को संघर्षविराम उल्लंघन और सीमा पार उकसावे वाली गतिविधियों को लेकर कड़ा संदेश दिया था. सूत्रों के मुताबिक, ड्रोन की मौजूदगी के तुरंत बाद भारतीय सेना ने तय मानक प्रक्रियाओं के तहत जवाबी कार्रवाई शुरू की और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए फायरिंग की गई.

सूत्रों ने बताया कि राजौरी सेक्टर के डुंगाला-नबला इलाके में एक साथ कई पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए, जिन पर सेना के जवानों ने गोलीबारी की. इसके अलावा, राजौरी जिले के ही थंडी कासी क्षेत्र में एक और ड्रोन की गतिविधि नजर आई, जिसके बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया. सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, जबकि पड़ोसी पुंछ जिले में भी निगरानी बढ़ा दी गई है. सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.

आतंकवाद विरोधी अभियान तेज

इसी बीच, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भी आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया गया है. बिलावर के जंगलों में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच करीब 15 मिनट तक मुठभेड़ हुई. हालांकि फिलहाल गोलीबारी थम गई है, लेकिन इलाके की घेराबंदी बरकरार है और बुधवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा. अतिरिक्त बलों को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि आतंकियों के भागने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके.

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सीमा क्षेत्रों में ड्रोन गतिविधियां देखी गई हों. इससे दो दिन पहले भी सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे. उस समय कम से कम पांच ड्रोन मूवमेंट दर्ज की गई थीं, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था. अधिकारियों के अनुसार, ये ड्रोन भारतीय सीमा में कुछ देर तक मंडराते हैं और फिर पाकिस्तान की ओर लौट जाते हैं, जिससे हथियार या नशीले पदार्थ गिराए जाने की आशंका बनी रहती है.

क्या बोले थलसेना प्रमुख?

थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने इन घटनाओं को ‘अस्वीकार्य’ बताते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी दी है. उन्होंने बताया कि ड्रोन गतिविधियों को लेकर डीजीएमओ स्तर की बातचीत हुई है, जिसमें भारत ने अपनी चिंता साफ शब्दों में रखी. जनरल द्विवेदी ने कहा कि पश्चिमी मोर्चे पर हालात संवेदनशील बने हुए हैं और भारतीय सेना किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.