
Gargi Santosh
मेरा नाम गार्गी संतोष है. मुझे मीडिया क्षेत्र में काम करते हुए चार साल हो चुके हैं. इस समय मैं Zee Media के India.com में सब एडिटर के रूप में ... और पढ़ें
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के भविष्य और बदलाव की दिशा पर खुलकर बात की. ट्रांसफॉर्मिंग टुमॉरो थीम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश का पूर्वी हिस्सा, नॉर्थ ईस्ट, गांव, नारी शक्ति, युवा नवाचार और स्पेस सेक्टर जैसे कई क्षेत्रों की क्षमता को पहले कभी पूरी तरह इस्तेमाल नहीं किया गया.
पीएम मोदी ने बताया कि आज भारत वहीं क्षेत्रों को ताकत बनाकर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दुनिया की आर्थिक मंदी, भरोसे के संकट और भू-राजनीतिक बिखराव के बीच भारत को एक स्थिर, भरोसेमंद और प्रगति की राह दिखाने वाला देश बताया. प्रधानमंत्री ने कहा भारत न सिर्फ चुनौतियों से लड़ रहा है, बल्कि नए अवसर भी बना रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की बदलती आर्थिक नीतियां और टैक्स सुधार देश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि आज 12 लाख रुपये तक की आय पर जीरो टैक्स जैसी व्यवस्था एक दशक पहले सोचना भी मुश्किल था. पूर्व में गुलामी की मानसिकता ने देश के आत्मविश्वास को कमजोर किया था, लेकिन अब भारत इस मानसिकता से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और मजबूत राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है. मुद्रा योजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले बैंक से छोटा लोन लेने में भी गारंटी की बाधा आती थी, लेकिन अब 37 लाख करोड़ रुपये का *गारंटी-फ्री* लोन दिया जा चुका है, जिसने छोटे उद्यमियों और युवाओं में नई उम्मीद जगाई है.
प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के नागरिकों का लगभग 78 हजार करोड़ रुपये बैंकों में और 14 हजार करोड़ रुपये बीमा कंपनियों में अनक्लेम्ड पड़े हैं. सरकार अब इस पैसे को उसके असली हकदार तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रही है. उन्होंने भारत के स्पेस सेक्टर में आए बड़े बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यह क्षेत्र केवल सरकारी नियंत्रण में था, लेकिन अब प्राइवेट सेक्टर के लिए खुलने के बाद भारत की युवा पीढ़ी नया इतिहास लिख रही है. स्काईरूट जैसी कंपनियां हर महीने एक रॉकेट बनाने की क्षमता पर काम कर रही हैं और विक्रम-1 जैसे लॉन्च तैयार कर रही हैं. पीएम मोदी ने कहा सरकार ने प्लेटफॉर्म दिया, लेकिन भविष्य देश के युवाओं ने बनाया है. यही असली परिवर्तन है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की दूसरी तिमाही GDP का 8% से ज्यादा का आंकड़ा सिर्फ नंबर नहीं है, बल्कि यह संकेत है कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था का बड़ा विकास चालक बन चुका है. उन्होंने बताया कि आज हर सेक्टर में सुधार, तेज़ी और नए अवसर दिखाई दे रहे हैं – चाहे वह टेक्नोलॉजी हो, स्टार्टअप्स हों, इंफ्रास्ट्रक्चर या स्पेस. प्रधानमंत्री ने कहा कि हम कल के बड़े बदलाव की बात इसलिए कर सकते हैं क्योंकि आज देश मजबूत नींव बना रहा है. हर क्षेत्र में हो रहे सुधार भारत के कल को सुरक्षित, प्रगतिशील और विश्व-नेतृत्व वाला बना रहे हैं.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.