PM मोदी के कार्यक्रम से पहले बड़ा सुरक्षा अलर्ट! बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास मिले थे विस्फोटक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल के पास दो जिलेटिन स्टिक मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने इलाके को घेर लिया और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
PM Modi Bengaluru Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्नाटक दौरे से पहले बेंगलुरु के बाहरी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल के पास विस्फोटक सामग्री बरामद हुई. पुलिस को पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर दो जिलेटिन स्टिक मिलीं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं.
ये घटना उस समय सामने आई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे. कार्यक्रम को लेकर पहले से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. इलाके में पुलिस, बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियों की कई टीमें तैनात थीं. इसी दौरान नियमित जांच के समय संदिग्ध सामग्री दिखाई दी.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिलेटिन स्टिक सड़क किनारे फुटपाथ के पास पड़ी मिलीं. सूचना मिलते ही आसपास के इलाके को तुरंत सील कर दिया गया. बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. सुरक्षा एजेंसियां ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ये विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी.
क्या है पूरा मामला?
मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. हालांकि, अभी तक अधिकारियों ने ये साफ नहीं किया है कि बरामद विस्फोटक किसी निर्माण या खनन गतिविधि से जुड़े थे या जानबूझकर वहां रखे गए थे. जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के 45 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने संस्था की सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि देश के विकास में समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है और पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती तथा युवाओं को सशक्त बनाना आने वाले भारत की सबसे बड़ी जरूरत है.
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नए मेडिटेशन हॉल का उद्घाटन भी किया. उन्होंने बेंगलुरु को केवल टेक्नोलॉजी हब नहीं बल्कि आध्यात्मिक चेतना का केंद्र भी बताया. पीएम ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आर्थिक विकास के साथ मानसिक और सामाजिक संतुलन भी जरूरी है. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने प्रधानमंत्री के पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास जांच और कड़ी कर दी. अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें