'जो खेलेगा, वो खिलेगा...', कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट से मिले PM मोदी, बोले- चियर फोर भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मेडलिस्ट खिलाड़ियों से मुलाकात की और कहा- जो खेलेगा, वो खिलेगा. बता दें इस बार भारत ने 39 मेडल जीते और मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया.
भारत ने इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में 39 मेडल जीते (Photo from IANS)
- पीएम मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मेडलिस्ट खिलाड़ियों से मुलाकात की
- प्रधानमंत्री ने कहा- जो खेलेगा, वो खिलेगा... ऑलवेज चियर फोर भारत
- भारत ने CWG 2026 में 39 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया
- जूडो में भारत ने पहली बार कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडल अपने नाम किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (9 अगस्त) को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की. मुलाकात से जुड़ा एक वीडियो पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया. वीडियो में प्रधानमंत्री खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते और उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए. विमेंस 51 किलोग्राम बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली साक्षी चौधरी ने वीडियो बनाया. उन्होंने कहा कि सभी कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट को पीएम मोदी ने मिलने के लिए बुलाया है और उनसे मिलकर खिलाड़ियों को काफी गर्व और खुशी महसूस हो रही है.
PM मोदी बोले- जो खेलेगा, वो खिलेगा
खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'जो खेलेगा, वो खिलेगा... ऑलवेज चियर फोर भारत.' उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया. अंत में प्रधानमंत्री और खिलाड़ियों ने मिलकर 'भारत माता की जय' कहा. इस दौरान, खिलाड़ियों के चेहरे पर अपनी उपलब्धि और पीएम मोदी से मुलाकात की खुशी साफ-साफ नजर आई. आपको बता दें कि भारत ने इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में 39 मेडल जीते, जिसमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. इस प्रदर्शन के साथ भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा.
बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में भारत का शानदार प्रदर्शन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के पुरुष एथलीट्स ने 23 मेडल जीते. इनमें 5 गोल्ड, 13 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे. वहीं महिला खिलाड़ियों ने 16 मेडल अपने नाम किए, जिनमें 8 गोल्ड, 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. बॉक्सिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. भारत के सभी 10 मुक्केबाजों ने मेडल जीते, जिसमें 7 गोल्ड और 3 सिल्वर शामिल रहे. एथलेटिक्स में भारत ने कुल 16 मेडल हासिल किए, जिनमें 3 गोल्ड, 7 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल रहे.
जूडो में पहली बार भारत ने जीता कॉमनवेल्थ गोल्ड
जूडो में भी इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास रचा. भारत के चार जूडोका ने मेडल जीते. खास बात यह रही कि भारत ने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो का गोल्ड मेडल हासिल किया. इस तरह CWG 2026 भारत के लिए कई मायनों में यादगार रहा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें