Pm Modi Roared In The Bihar Election Saying Jungle Raj Will Not Be Forgotten For 100 Years The Public Will Not Forgive Them
'100 साल तक नहीं भुलाया जा सकेगा जंगल राज', PM मोदी ने बिहार चुनाव में भरी हुंकार, बोले- जनता उन्हें माफ नहीं करेगी...
Bihar Assembly Election: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज बिहार के हर सेक्टर में विकास हो रहा है. अस्पताल, अच्छे स्कूल और नए रेलवे मार्ग विकसित किए जा रहे हैं. उन्होंने इसका श्रेय स्थिर सरकार को दिया.
Bihar Assembly Election: बिहार की चुनावी राजनीति में ‘जंगल राज’ का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विरोधी दलों पर कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिहार में हुए ‘जंगल राज’ को अगले 100 साल तक भुलाया नहीं जा सकेगा, और जनता अपने गलत काम छुपाने की कोशिश करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी. PM मोदी ने युवाओं से अपील की कि वे अपने बुजुर्गों से उस दौर की कहानियां सुनकर नई पीढ़ी तक पहुंचाएं.
पीएम मोदी ने किस पर कसा तंज?
गौरतलब है कि PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत: युवा संवाद’ कार्यक्रम में बोलते हुए, बिहार चुनाव के लिए एक भावनात्मक और मजबूत चुनावी धार दी. प्रधानमंत्री ने BJP कार्यकर्ताओं और खासकर युवाओं से एक भावनात्मक अपील की. उन्होंने कहा, ‘मैं बिहार के सभी नौजवानों से कहूंगा कि हर बूथ पर सभी युवाओं को इकट्ठा करें और उस क्षेत्र के बुजुर्गों को बुलाकर जंगल राज की पुरानी कहानियां सबको सुनाएं.’ बता दें कि पीएम मोदी का यह ‘जंगल राज’ बयान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू यादव के शासनकाल की ओर इशारा करता था.
महागठबंधन नहीं, यह ‘लठबंधन’ है
विपक्ष के महागठबंधन पर निशाना साधते हुए, PM मोदी ने इसे ‘लठबंधन’ (अपराधियों का गठबंधन) करार दिया. उन्होंने तीखा वार करते हुए कहा कि दिल्ली से लेकर बिहार तक इस गठबंधन के लगभग सभी नेता जमानत पर बाहर हैं. यह बयान विपक्ष की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है और PM ने उन्हें केवल स्वार्थ की लड़ाई लड़ने वाला समूह बताया. PM मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और NDA के प्रयासों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि NDA ने कड़ी मेहनत करके बिहार को ‘जंगल राज’ से बाहर निकाला और कानून का राज स्थापित किया, जिसके कारण अब लोग गर्व से खुद को बिहारी कहते हैं.
अच्छे स्कूल और नए रेलवे मार्ग का निर्माण
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बिहार के हर सेक्टर में विकास हो रहा है. अस्पताल, अच्छे स्कूल और नए रेलवे मार्ग विकसित किए जा रहे हैं. उन्होंने इसका श्रेय स्थिर सरकार को दिया. PM मोदी ने कहा, जब देश और बिहार दोनों जगह पर स्थिरता होती है, तो विकास में अपने आप रफ्तार आ जाती है. अपने भाषण के अंत में, PM मोदी ने NDA सरकार के प्रति युवाओं में दिख रहे उत्साह को उजागर किया. उन्होंने कहा कि बिहार के नौजवान अब पूरे जोश से कह रहे हैं, ‘रफ्तार पकड़ चुका बिहार, फिर से NDA सरकार!’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.