Pm Modi Speaks To Andhra Pradesh Telangana Cms On Flood Situation Assures Central Help
एक्शन मोड में PM मोदी, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से की बात, बाढ़-बारिश से बिगड़े हालात का लिया जायजा
बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को बात की. उन्होंने इस संकट से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की. इस बातचीत के दौरान उन्होंने दोनों राज्यों में भारी बारिश एवं बाढ़ के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया. प्रधानमंत्री ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों- आंध्र प्रदेश के एन. चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के ए. रेवंत रेड्डी को बारिश व बाढ़ से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया. मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी किए गए एक विज्ञप्ति में इस बात की जानकारी दी गई.
विज्ञप्ति के अनुसार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान और जान-माल की हानि को रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा तुरंत किये गए राहत उपायों की जानकारी दी. रेड्डी ने पीएम मोदी को बताया कि खम्मम जिले में भारी बारिश का सबसे अधिक असर हुआ है, और नुकसान की खबर है.
विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने रेवंत रेड्डी को आश्वासन दिया कि खराब मौसम में भी उड़ान भरने में सक्षम हेलीकॉप्टरों को बचाव व राहत कार्यों के लिए राज्य में भेजा जाएगा. विज्ञप्ति में ये भी कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने राज्य को सभी आवश्यक सहायता देने का भी वादा किया.
दोनों राज्यों में कैसे हैं ताजा हालात?
बता दें कि हैदराबाद समेत तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है. इस कारण कई स्थानों पर, खासकर विजयवाड़ा और आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. राज्यभर में 17,000 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
वहीं बात करें तेलंगाना की, तो बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ टेलीकॉफ्रेंस के जरिये चर्चा की और नगर निगम प्रशासन, ऊर्जा, पंचायती राज और अन्य विभागों के अधिकारियों को अगले 24 घंटे के लिए सतर्क रहने को कहा है.
भारी बारिश के बाद दोनों राज्य में कई जगहों पर नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी भर गया है. बाढ़ के पानी ने गांवों के बीच सड़क संपर्क को बाधित कर दिया है. भारी बारिश और हवाओं के प्रभाव से कई पेड़ उखड़ गए हैं, जबकि कई पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं.
दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश और कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव के कारण 99 ट्रेन रद्द कर दी गईं. इनमें से चार ट्रेन आंशिक रूप से रद्द कर दी गईं, जबकि 54 ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.