अराजकता फैलाकर अवसर तलाश रही कांग्रेस, देश को नहीं चाहिए परजीवी राजनीति- कांग्रेस पर बरसे PM मोदी
सूरत में पीएम मोदी ने गुजरात की जनता का आभार जताया और विकास, पर्यावरण, स्वच्छता, अक्षय ऊर्जा तथा वैश्विक चुनौतियों पर बड़ा संदेश दिया. इस खबर में पढ़िए उनके भाषण की बड़ी बातें.
प्रधानमंत्री मोदी ने सूरत की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों की भी सराहना की. (Photo from BJP X)
सूरत दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी शुक्रवार (5 जून) को कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने देश और दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों, ऊर्जा सुरक्षा, अक्षय ऊर्जा, आत्मनिर्भर भारत, गुजरात के विकास और विपक्ष की राजनीति जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी.
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय लगातार संकटों के दौर से गुजर रही है. पहले कोरोना महामारी आई, फिर कई देशों में युद्ध छिड़ गए और अब पूरी दुनिया ऊर्जा संकट से जूझ रही है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और गैस सप्लाई की समस्याओं ने कई देशों की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयासों की बदौलत भारत मजबूती के साथ हर चुनौती का सामना कर रहा है.
PM Modi के भाषण की बड़ी बातें
- पीएम मोदी ने कहा कि यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक साबित हो रहा है. जहां एक के बाद एक संकट सामने आ रहे हैं.
- उन्होंने कहा कि कोरोना, युद्ध और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों के बावजूद भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है.
- प्रधानमंत्री ने बताया कि रिफाइनिंग, सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में गुजरात की उपलब्धियां देश के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं.
- उन्होंने कहा कि देश की कुल अक्षय ऊर्जा क्षमता 250 गीगावाट तक पहुंच चुकी है. जिसमें गुजरात का योगदान करीब 50 गीगावाट है.
- पीएम मोदी ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी गुजरात बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है.
- उन्होंने कहा कि मौजूदा ऊर्जा संकट ने साबित कर दिया है कि किसी भी देश के लिए ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता भाजपा की विकास नीतियों पर भरोसा करती है, इसलिए लगातार समर्थन दे रही है.
- उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से अराजकता और अनिश्चितता की राजनीति कर रही है, जिसे जनता लगातार नकार रही है.
- पीएम मोदी ने दावा किया कि कई राज्यों में कांग्रेस सरकारों के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और चुनावी नतीजे इसका संकेत दे रहे हैं.
- उन्होंने कहा कि कुछ लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हैं. लेकिन देश को आगे बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भरता ही सबसे मजबूत रास्ता है.
PM मोदी बोले - दुनिया देखेगी भारत की ताकत
प्रधानमंत्री मोदी ने सूरत की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि सूरत केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक ऐसी भावना है जो लगातार आगे बढ़ने और बेहतर बनने का संदेश देती है. पीएम मोदी के अनुसार, विकास, आत्मनिर्भरता और हरित ऊर्जा ही आने वाले भारत की सबसे बड़ी ताकत बनने वाली हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें