कर्नाटक चुनाव: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बताया 'स्पीकर मोड' वाला मोबाइल फोन, साइकिल चलाकर जताया विरोध

कांग्रेस अध्यक्ष कर्नाटक के वर्तमान तीन दिवसीय दौरे में कोलार, बेंगलूरू ग्रामीण, चिक्कबल्लापुर, तुमकुर जिला एवं बेंगलुरू शहर में प्रचार करेंगे.

Published date india.com Updated: May 7, 2018 9:36 PM IST
कर्नाटक चुनाव: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बताया 'स्पीकर मोड' वाला मोबाइल फोन, साइकिल चलाकर जताया विरोध
साइकिल चलाकर पेट्रोल के बढ़ते दाम का विरोध करते राहुल गांधी. फोटो: ANI

होसकोट: कर्नाटक चुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे वैसे कांग्रेस और बीजेपी, दोनों पार्टियों के नेता एक दूसरे पर शब्दबाण चला रहे हैं. कर्नाटक चुनाव में प्रचार करते हुए सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘पीपीपी कांग्रेस’ कटाक्ष पर तीखा पलटवार करते हुए उनकी तुलना ऐसे मोबाइल फोन से की जो ‘स्पीकर और एयरप्लेन’ मोड में रहता है, काम वाले मोड में नहीं. कर्नाटक में अपने चुनावी दौरे के नौवें चरण में उन्होंने मोदी पर उनके खिलाफ निजी हमले करने का आरोप लगाया क्योंकि उन्हें अन्य मुद्दों के बारे में नहीं बोलना होता है.

Highlights

  • कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बताया स्पीकर मोड वाला मोबाइल फोन
  • राहुल ने पीएम मोदी पर मुद्दों से बचने और व्यक्तिगत आरोप लगाने का आरोप लगाया
  • कर्नाटक में 12 मई को होने वाले चुनाव के लिए जोर शोर से जारी है चुनाव प्रचार

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘सेलफोन में तीन मोड होते हैं, पहला काम करने वाला मोड होता है, दूसरा अन्य स्पीकर मोड और तीसरा एयरप्लेन मोड होते हैं. मोदी केवल स्पीकर और एयरप्लेन मोड का इस्तेमाल करते हैं. काम वाले मोड का नहीं.’’

उनसे मोदी द्वारा पिछले सप्ताह चुनावी रैली में किए गए उस कटाक्ष के बारे में प्रतिक्रिया देने को कहा गया था जिसमें प्रधानमंत्री ने दावा किया था कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अपनी हार के बाद कांग्रेस ‘पंजाब, पुडुचेरी और परिवार’ कांग्रेस बन रह जाएगी.

राहुल ने होसकोटे और मालुरू में चुनावी रैलियों को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘‘आपने देखा और सुना होगा, मैं नरेन्द्र मोदी के बारे में बात करता हूं. मैं मुद्दों को लेकर उनसे सवाल करता हूं लेकिन मैं उनके बारे में सम्मान से बात करता हूं. नरेन्द्र मोदी बुजुर्ग हैं, वह वरिष्ठ हैं, 70 साल के होने जा रहे हैं. मैं उन लोगों का सम्मान करता हूं जो मुझसे बड़े होते हैं.’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी भ्रष्टाचार पर नहीं बोल सकते क्योंकि पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी येदियुरप्पा भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘वह भ्रष्टाचार के बारे में नहीं बोल सकते क्योंकि येदियुरप्पा उनके बगल में खड़े रहते हैं. वह किसानों के बारे में नहीं बोल सकते क्योंकि उन्हें उन्होंने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) नहीं दिया, बोनस नहीं दिया, उनका कृषि कर्ज माफ नहीं किया.’’

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

राहुल ने कहा, ‘‘वह दलितों के बारे में नहीं बोल सकते क्योंकि रोहित वेमुला (हैदराबाद का दलित छात्र जिसने आत्महत्या की थी) को उनके लोगों ने मारा था. ऊना में दलितों को उनके लोगों ने मारा. अब बच क्या जाता है? राहुल गांधी, सिद्धरमैया और मल्लिकार्जुन खड़गे के बारे में खराब बोलो. वह यही कर रहे हैं.’’

कांग्रेस अध्यक्ष कर्नाटक के वर्तमान तीन दिवसीय दौरे में कोलार, बेंगलूरू ग्रामीण, चिक्कबल्लापुर, तुमकुर जिला एवं बेंगलूरू शहर में प्रचार करेंगे. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता लेकिन यह मोदी की आदत है.

राहुल ने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी आंबेडकर की प्रतिमा के आगे हाथ जोड़ते हैं, उसे मालाएं पहनाते हैं लेकिन जिस लक्ष्य के लिए आंबेडकर ने लड़ाई लड़ी, वह उसके लिए नहीं लड़ते.’’ उन्होंने यह भी कहा कि देश भर में दलितों और अल्पसंख्यकों की पिटाई हो रही है, मारा और कुचला जा रहा है.’

उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा के अलावा जेल में समय बिता चुके चार मंत्री, विवादास्पद रेड्डी बंधुओं के खेमे के आठ लोग चुनावी मैदान में हैं ताकि वे कर्नाटक को लूट सकें. इससे पहले राहुल ने पेट्रोल उत्पादों के ऊंचे दामों का विरोध करते हुए कोलार जिले में साइकिल चलाकर विरोध मार्च की अगुवाई की.

बाद में उन्होंने बैलगाड़ी पर खड़े होकर वहां एकत्रित लोगों को सम्बोधित किया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नीत सरकार आम आदमी से धन लेकर अपने अमीर दोस्तों को देना चाहती है. उन्होंने केंद्र सरकार से लोगों को यह जवाब देने को कहा कि वह देश में पेट्रोल का दाम कम क्यों नहीं कर रही है?

(इनपुट: एजेंसी)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.