PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 17 जून को फ्रांस होगी मुलाकात, G7 में लेंगे हिस्सा
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अब तक मोदी और ट्रंप की सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात हुई है, जो 13 फरवरी 2025 को व्हाइट हाउस में हुई.
PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 16 महीने बाद आमने-सामने होंगे. (PTI)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक बार फिर से मुलाकात होने जा रही है. ये मुलाकात 17 जून 2026 को फ्रांस में होगी. ट्रंप और PM मोदी फ्रांस में होने जा रहे G7 समिट में हिस्सा लेने वाले हैं. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने शनिवार (13 जून) को इसकी जानकारी दी. मोदी और ट्रंप की आखिरी बार मुलाकात 13 फरवरी 2025 को वॉशिंगटन में हुई थी. ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली मुलाकात थी. इस साल अब तक 3 बार, 2 फरवरी, 24 मार्च और 14 अप्रैल को दोनों के बीच फोन पर बात हुई थी.
फ्रांस-स्लोवाकिया की 6 दिनों की यात्रा पर रवाना हुए मोदी
इस बीच PM मोदी शनिवार सुबह फ्रांस और स्लोवाकिया की 6 दिनों की यात्रा पर रवाना हो गए. उनकी यह यात्रा 13 से 18 जून तक चलेगी. PM मोदी शनिवार की रात को फ्रांस के नीस शहर पहुंचे हैं.
PM मोदी की यात्रा का शेड्यूल
- PM मोदी 13-14 जून को फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे.
- PM मोदी 14 जून को स्लोवाकिया रवाना हो जाएंगे. यहां इंडिया इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे.
- स्लोवाकिया में मोदी 15 जून तक रुकेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री रोबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से मुलाकात करेंगे.
- PM मोदी 16 जून को वापस फ्रांस लौटेंगे. 17 जून को फ्रांस के एवियन शहर में G7 समिट में हिस्सा लेंगे.
- 17 जून को ही एवियन शहर में उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात होनी है.
ट्रंप और मोदी के बीच किन मुद्दों पर हो सकती है बात?
फ्रांस में दोनों नेता व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं. इसके साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भी बात हो सकती है.
मोदी को अपना भरोसेमंद दोस्त बता चुके हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई मौकों पर PM मोदी की तारीफ कर चुके हैं और उन्हें अपना भरोसेमंद दोस्त बता चुके हैं. हाल ही में ट्रंप ने PM मोदी को एक महान नेता और अपना दोस्त बताया था. उन्होंने ये भी कहा था कि वो मोदी के बहुत बड़े फैन हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि भारत अमेरिका पर और अमेरिका भारत पर भरोसा कर सकता है. वे भारत के साथ एक बड़ी ट्रेड डील करने की इच्छा भी कई बार जता चुके हैं.
G7 क्या है, इसमें कौन-कौन से देश हैं?
G7 यानी ग्रुप ऑफ सेवन’. ये दुनिया के 'मॉडर्न इकोनॉमी' वाले 7 देशों का ग्रुप है. इनमें अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, इटली, कनाडा और जर्मनी शामिल हैं.
1975 में हुई थी शुरुआत
इसकी शुरुआत 1975 में G6 के रूप में हुई थी. 1976 में कनाडा के जुड़ने के बाद यह G7 बन गया. 1998 में रूस को शामिल कर इसका नाम G8 कर दिया गया. फिर 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया क्षेत्र पर रूस के कब्जे के बाद उसे समूह से बाहर कर दिया गया. अब इसे पहले की तरह G7 कहा जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें