नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि सेना के तीन अंगों के प्रमुख के तौर पर ‘चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ’ (सीडीएस) का पद बनाया जाएगा. पीएम मोदी ने 73वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से अपने भाषण में यह महत्वपूर्ण ऐलान किया. उन्होंने कहा कि इस बारे में काफी समय से मांग की जा रही थी. पीएम मोदी ने कहा कि सीडीएस सेना के तीनों अंगों- थल सेना, वायु सेना और नौसेना के बीच तालमेल सुनिश्चित करेगा और उन्हें प्रभावी नेतृत्व देगा.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारी सरकार ने फैसला किया है कि अब चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ का पद सृजित होगा.’ 1999 में हुए कारगिल युद्ध के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था में कमियों का पता लगाने के लिए गठित उच्च-स्तरीय समिति ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ की नियुक्ति की पैरवी की थी. राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था में जरूरी सुधारों का विश्लेषण कर रहे एक मंत्री समूह ने भी चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ की नियुक्ति की सलाह दी थी.
साल 2012 में नरेंद्र चंद्र टास्क फोर्स ने चीफ्स ऑफ स्टॉफ कमेटी के स्थायी प्रमुख का पद सृजित करने की अनुशंसा की थी. चीफ्स ऑफ स्टॉफ कमेटी में सेना, नौसेना और वायुसेना के प्रमुख होते हैं तथा इनमें सबसे वरिष्ठ व्यक्ति इसका प्रमुख होता है.
73वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया आज असुरक्षा से घिरी है. भारत आतंक फैलाने वालों से मजबूती से लड़ रहा है. उन्होंने कहा कि हमारा पड़ोसी देश बांग्लादेश, अफगानिस्तान, श्रीलंका सभी आतंकवाद से लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को पनाह देने वालों का पर्दाफाश करना जरूरी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.