
Gargi Santosh
गार्गी संतोष, जी मीडिया के India.com में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह हाइपरलोकल, नेशनल और वर्ल्ड सेक्शन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. गार्गी को लाइफस्टाइल, हेल्थ, टेक्नोलॉजी, और ... और पढ़ें
सूरत क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने भोपाल के कुख्यात अपराधी राजू ईरानी उर्फ आबिद अली उर्फ रहमान डकैत को गिरफ्तार कर लिया है. यह वही नाम है जिसे लेकर इन दिनों एक बॉलीवुड फिल्म धुरंधर के किरदार चर्चा में आए. सूरत पुलिस के हाथ जो लगा है वह कोई फिल्मी किरदार नहीं, बल्कि असल जिंदगी का बेहद खतरनाक अपराधी है. पुलिस के मुताबिक, राजू ईरानी मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित ईरानी डेरा इलाके के अमन कॉलोनी का रहने वाला है और लंबे समय से कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. वह छह से ज्यादा राज्यों में वांटेड था और उसकी तलाश लगातार जारी थी.
सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि पुलिस इंस्पेक्टर जे.एन. गोस्वामी और उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भोपाल का कुख्यात अपराधी राजू ईरानी सूरत पहुंच चुका है और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है. सूचना मिलते ही टीम ने तेजी से कार्रवाई की और उसे धर दबोचा. पूछताछ में सामने आया कि राजू ईरानी भोपाल के ईरानी डेरा इलाके का मुख्य सूत्रधार है और उसका नेटवर्क देश के 12 से ज्यादा राज्यों तक फैला हुआ है. वह खुद मैदान में कम उतरता था और अलग-अलग गैंग को अलग-अलग राज्यों में भेजकर अपराध करवाता था.
पुलिस के मुताबिक, राजू ईरानी अपने भाई जाकिर अली के साथ मिलकर पूरे गिरोह को चलाता था. इनके अंडर में छह से ज्यादा गैंग काम करते थे, जो 14 से अधिक राज्यों में सक्रिय थे. अभी भी आरोपी कई राज्यों में वांटेड है. गिरोह का तरीका बेहद शातिर था. सीनियर सिटीजन इनके मुख्य निशाने पर होते थे. कभी खुद को पुलिस या सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों से गहने उतरवा लेना, तो कभी बैरिकेडिंग लगाकर वाहन चेकिंग के नाम पर नकदी और जेवरात लूट लेना इनके आम तरीके थे. इसके अलावा जमीन कब्जा, हथियारों के साथ घूमना और चोरी का माल ठिकाने लगाना भी इनके काम में शामिल था.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि राजू ईरानी और उसका भाई जघन्य अपराधों में भी शामिल रहे हैं. भोपाल में एक व्यक्ति साबिर अली पर पुलिस को सूचना देने का शक होने पर उसे जिंदा जलाने की कोशिश भी की गई थी, जिसमें इनकी भूमिका सामने आई है. दिसंबर में भोपाल पुलिस द्वारा ईरानी डेरा इलाके में बड़े कॉम्बिंग ऑपरेशन के बाद से ही राजू फरार था. लग्जरी कारें, महंगी बाइक और यहां तक कि घोड़ों का शौक रखने वाला यह अपराधी अपराध की कमाई से शानो-शौकत की जिंदगी जी रहा था. डीसीपी के मुताबिक, आरोपी महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में घूमता रहा और आखिर में सूरत पहुंचा, जहां वह बैंक और अन्य ठिकानों को टारगेट करने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उससे गहन पूछताछ जारी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.