राहुल गांधी के 'गद्दार' बयान पर भड़की BJP, राधिका खेड़ा ने खोली कांग्रेस की पोल, अनिल यादव का भी पलटवार

Written By: Tanuja Joshi Updated by: Tanuja Joshi
Updated Date:May 28, 2026 11:36 PM IST

राहुल गांधी के 'गद्दार' वाले बयान के बाद राजनीति गरमा गई है. बीजेपी ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर पलटवार करते हुए इतिहास से लेकर भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय मुद्दों तक कई सवाल उठाए, जिस पर एक टीवी डिबेट में जोरदार बहस देखने को मिली.

देश की राजनीति में इन दिनों 'गद्दार' शब्द को लेकर बड़ा सियासी घमासान देखने को मिल रहा है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर दिए गए विवादित बयान के बाद बीजेपी ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है. इसी मुद्दे पर एक टीवी डिबेट में तीखी बहस कराई, जिसमें बीजेपी, कांग्रेस, जेडीयू और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आमने-सामने दिखाई दिए.

Advertising
Advertising

डिबेट में बीजेपी प्रवक्ता राधिका खेड़ा, जेडीयू नेता सत्यप्रकाश मिश्रा, कांग्रेस प्रवक्ता अनिल यादव और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया शामिल हुए. बहस के दौरान राहुल गांधी के बयान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.

बीजेपी ने क्या कहा?

बीजेपी प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से देश की राजनीति में भावनात्मक नैरेटिव बनाकर चुनावी फायदा लेने की कोशिश करती रही है. बहस के दौरान बीजेपी नेताओं ने अक्साई चिन, पीओके, भोपाल गैस त्रासदी के आरोपी वॉरेन एंडरसन के भारत छोड़ने, यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार और कई पुराने राजनीतिक फैसलों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर गंभीर सवाल उठाए.

राधिका खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए 'गद्दार' जैसे शब्द का इस्तेमाल किया, उससे कांग्रेस की मानसिकता सामने आती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी अपने पुराने राजनीतिक एजेंडे से बाहर नहीं निकल पाई है.

कांग्रेस का पलटवार

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अनिल यादव ने बीजेपी पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष सवाल पूछता है तो उसे देशविरोधी बताने की कोशिश की जाती है. कांग्रेस की तरफ से दावा किया गया कि बीजेपी राजनीतिक फायदे के लिए इतिहास को अपने तरीके से पेश कर रही है.

जेडीयू नेता सत्यप्रकाश मिश्रा ने बहस में कहा कि देश की राजनीति में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं को ऐसे शब्दों के इस्तेमाल से बचना चाहिए, क्योंकि इसका असर जनता और लोकतंत्र दोनों पर पड़ता है. समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने भी बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि रोजगार, महंगाई और विकास जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है.

डिबेट के दौरान बीजेपी की तरफ से एक वीडियो का भी जिक्र किया गया, जिसमें कांग्रेस शासनकाल के कई विवादित मामलों को उठाया गया. बीजेपी नेताओं का कहना था कि राहुल गांधी का बयान अब कांग्रेस और गांधी परिवार पर ही उल्टा पड़ता दिखाई दे रहा है. पूरी बहस के दौरान माहौल काफी गरम रहा और सभी दलों के प्रवक्ता एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाते नजर आए. सोशल मीडिया पर भी इस डिबेट की क्लिप्स तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इस पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें