PM मोदी का बर्थडे 17 सितंबर को, तो फिर राज्यसभा के सभापति ने आज क्यों बताया जन्मदिन? बधाई भी दी | VIDEO

राज्यसभा के सभापति ने यह भी कहा कि आज भारतीय पंचांग तिथि गणना के अनुसार प्रधानमंत्री का जन्मदिन (PM Narendra Modi Birthday) है. उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी.

Published date india.com Published: September 21, 2023 11:05 PM IST
Narendra Modi Birthday

राज्यसभा में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को उनके जन्मदिन की बधाई दी गई. सभापति जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) ने लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण (Women Reservation Bill) के प्रावधान वाले ‘संविधान (128वां संशोधन) विधेयक, 2023’ पर मतदान के दौरान कहा कि इस विधेयक को पारित करने के समय यह सुखद संयोग है कि आज ही प्रधानमंत्री का जन्मदिन है. सभापति ने यह भी कहा कि आज भारतीय पंचांग तिथि गणना के अनुसार प्रधानमंत्री का जन्मदिन (PM Narendra Modi Birthday) है. उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी. इसके बाद सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन की बधाई दी. प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने अपने दोनों हाथ जोड़कर सभापति एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया. मालूम हो कि अंग्रेजी तारीख के अनुसार, PM मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर है.

‘यह बिल नारी शक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करेगा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने के प्रावधान वाले विधेयक को देश की नारी शक्ति को नयी ऊर्जा देने वाला करार देते हुए कहा कि इससे महिलाएं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए नेतृत्व के साथ आगे आएंगी. मोदी ने राज्यसभा में ‘संविधान (128वां संशोधन) विधेयक, 2023’ पर चर्चा के अंत में यह बात कही. उन्होंने कहा कि चर्चा में भाग लेते हुए दो दिन से (संसद में) इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा हो रही है और करीब 132 सदस्यों ने दोनों सदनों में बहुत सार्थक चर्चा की है.

उन्होंने कहा, ‘भविष्य में भी इस चर्चा का एक-एक शब्द हमारी आने वाली यात्रा में हम सबके काम आने वाला है, इसलिए हर बात का अपना महत्व है, मूल्य है.’ उन्होंने इस विधेयक का समर्थन करने के लिए सभी सदस्यों का ‘हृदय से अभिनंदन और हृदय से आभार व्यक्त’ किया. उन्होंने कहा कि यह जो भावना पैदा हुई है, उससे देश के जन-जन में एक आत्मविश्वास पैदा होगा. उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों एवं सभी दलों ने एक बहुत बड़ी भूमिका निभाई है.

विधेयक सर्वसम्मति से पारित

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को सम्मान एक विधेयक पारित होने से मिल रहा है, ऐसी बात नहीं है. उन्होंने कहा कि इस विधेयक के प्रति सभी राजनीतिक दलों की सकारात्मक सोच होना, यह देश की नारी शक्ति को एक नयी ऊर्जा देने वाला है. उन्होंने कहा, ‘यह (नारी शक्ति) नये विश्वास के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने में नेतृत्व के साथ आगे आएगी, यह अपने आप में हमारे उज्ज्वल भविष्य की गारंटी बनने वाली है.’ उन्होंने सदस्यों से अपील की कि यह उच्च सदन है, जहां उत्तम स्तर की चर्चा हुई है और वे इस विधेयक पर सर्वसम्मति से मतदान कर देश को नया विश्वास दें. मालूम हो कि लोकसबा के बाद राज्यसभा से भी इस विधेयक को सर्वसम्मित से पारित कर दिया गया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.