मध्य प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटें BJP के नाम, उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत, जानिए संसद में कितना बदल जाएगा नंबर गेम
रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन का नॉमिनेशन इस आधार पर खारिज किया कि उन्होंने इसमें एक पेंडिंग केस की जानकारी छिपाई थी. BJP ने इस मुद्दे को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी. कांग्रेस ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. इसपर शुक्रवार को सुनवाई होगी.
BJP उम्मीदवार तरुण चुग को इलेक्शन सर्टिफिकेट देते रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा (ANI)
संसद के उच्च सदन राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसदों की संख्या बढ़ गई है. कांग्रेस के एकमात्र उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नॉमिनेशन रद्द होने के बाद मध्य प्रदेश कोटे की तीनों सीटों पर BJP उम्मीदवारों को निर्विरोध जीत मिली है. विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे BJP उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को इलेक्शन सर्टिफिकेट सौंपे.
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए टाल दी थी. इस मामले पर चुनाव आयोग ने भी अब तक कोई फैसला नहीं दिया है. नॉमिनेशन वापस लेने की डेडलाइन दोपहर 3 बजे खत्म हो गई. इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने तीनों सीटों पर BJP की जीत का ऐलान किया.
कब होना है राज्यसभा का चुनाव?
12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा. इनमें मध्य प्रदेश की 3 सीटें भी शामिल थीं, जहां BJP को निर्विरोध जीत मिली है. ये सीटें सांसद जॉर्ज कुरियन (BJP), दिग्विजय सिंह (INC), सुमेर सिंह सोलंकी (BJP) के रिटायर होने की वजह से खाली हो रही थीं. ये तीनों 21 जून को रिटायर हो रहे हैं.
कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को दिया था टिकट
BJP ने पहले ही 2 उम्मीदवार उतार दिए थे. बाद में तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया गया. दूसरी ओर, कांग्रेस ने पूर्व सांसद और राहुल गांधी की करीबी मानी जाने वाली मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया था.
क्यों खारिज हुआ मीनाक्षी लेखी का पर्चा?
रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन का नॉमिनेशन इस आधार पर खारिज किया कि उन्होंने इसमें एक पेंडिंग केस की जानकारी छिपाई थी. BJP ने इस मुद्दे को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद चुनाव अधिकारी ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा. निर्धारित समय तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नटराजन के नॉमिनेशन को तकनीकी आधार पर खारिज कर दिया.
किस मामले में आया था मीनाक्षी नटराजन का नाम?
मीनाक्षी नटराजन का नाम तेलंगाना में एक पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा दायर की गई निजी शिकायत में सामने आया था. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एक अन्य पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता ने उसका उत्पीड़न किया और उसके साथ छेड़छाड़ की थी. शिकायत में यह भी कहा गया कि उस समय राज्य की AICC प्रमुख रहीं मीनाक्षी नटराजन से संपर्क किया गया था, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई.
हैदराबाद की मजिस्ट्रेट अदालत ने जारी किया था नोटिस
इसके बाद इस मामले में हैदराबाद की मजिस्ट्रेट अदालत ने साल 2025 में मीनाक्षी नटराजन को नोटिस जारी किया था. नोटिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 223 के तहत जारी किया गया था. इसका उद्देश्य केवल सुनवाई में उपस्थित होकर जवाब मांगना था. इसलिए कांग्रेस की तरफ से दावा किया जा रहा है कि अदालत ने अभी तक कोई आगे की कार्रवाई नहीं की है और न ही मामले में अपराध का संज्ञान लिया है.
कैसी है राज्यसभा की मौजूदा स्थिति?
संसद के उच्च सदन राज्यसभा में 245 सीटें होती हैं. इनमें से 233 सीटों पर अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव होते हैं. 12 सदस्यों को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं. 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनावों के बाद राज्यसभा में NDA के 149 सांसद हैं. इनमें BJP के 113 सांसद हैं. वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA के 78 सांसद हैं. अब मध्य प्रदेश की 3 सीटें जीतने के बाद BJP के नंबर 116 हो गए हैं. यानी NDA के सदस्यों की संख्या बढ़कर 152 हो गई है. इसका मतलब है कि राज्यसभा में NDA का आंकड़ा 150 पार हो गया है.
राज्यसभा में पार्टीवार मौजूदा स्थिति कुछ इस तरह है:-
NDA 152
BJP 116
AIADMK 4
JDU 4
NCP (अजित पवार गुट) 3
SS (शिवसेना) 2
TDP 2
AGP 1
JDS 1
NPP 1
PMK 1
RLD 1
RLM 1
RPI 1
नॉमिनेट 10
निर्दलीय 4
विपक्षी गठबंधन 78
INC 29
TMC 13
DMK 8
SP 4
AAP 3
CPIM 3
NC 3
CPI 2
IUML 2
JMM 2
DMDK 1
KCM 1
MNM 1
NCP (SP) 1
RJD 3
MNF 1
SS (UBT) 1
इससे पहले 16 मार्च को 11 राज्यसभा सीटों पर हुए थे चुनाव
इससे पहले 16 मार्च को हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव हुए थे. इनमें 9 सीटों पर NDA कैंडिडेट्स या NDA समर्थित कैंडिडेट्स ने जीत दर्ज की थी. कांग्रेस और बीजू जनता दल (BJD) ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें