बंद होने वाले हैं 500 के नोट? आग की तरह फैली इस खबर पर आया सरकार का बयान, जानें सच्चाई

PIB Fact Check: सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें वायरल हो रहीं थी कि RBI मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोट बंद कर देगा. सरकारी एजेंसी PIB ने फैक्ट चेक कर सच्चाई बताई...

Published date india.com Published: January 2, 2026 11:36 PM IST
बंद होने वाले हैं 500 के नोट? आग की तरह फैली इस खबर पर आया सरकार का बयान, जानें सच्चाई

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें दावा किया जा रहा था कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) मार्च 2026 तक एटीएम से 500 रुपये के नोट देना बंद कर देगा. इस खबर ने लोगों के बीच भ्रम और चिंता पैदा कर दी थी. कई लोग यह सोचने लगे थे कि कहीं नोटबंदी जैसी कोई नई तैयारी तो नहीं हो रही. लेकिन अब केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले पर साफ-साफ स्थिति स्पष्ट कर दी है और इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है.

PIB ने दावे को फर्जी बताया

सरकार की फैक्ट-चेक एजेंसी पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस खबर का खंडन किया. एजेंसी ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि RBI मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोटों का प्रचलन बंद कर देगा, जबकि ऐसा कोई फैसला न तो लिया गया है और न ही इसकी कोई आधिकारिक घोषणा हुई है. पीआईबी फैक्ट चेक ने इसे पूरी तरह फर्जी और भ्रामक खबर बताया.

500 के नोट पूरी तरह से वैध

पीआईबी फैक्ट चेक ने यह भी साफ किया कि 500 रुपये के नोट पूरी तरह वैध हैं और देशभर में चलन में बने हुए हैं. आरबीआई ने न तो एटीएम से 500 रुपये के नोट हटाने का कोई निर्देश दिया है और न ही भविष्य में ऐसा कोई प्लान घोषित किया गया है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को आगे साझा न करें, खासकर जब मामला बैंकिंग और पैसों से जुड़ा हो.

पहले भी फैल चुकी है ऐसी अफवाह

यह पहली बार नहीं है जब 500 रुपये के नोट को लेकर इस तरह की अफवाह फैली हो. पिछले साल अगस्त में भी एक व्हाट्सएप मैसेज वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि RBI ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे 30 सितंबर तक एटीएम से 500 रुपये के नोट देना बंद कर देंगे. उस फर्जी मैसेज में यह भी कहा गया था कि मार्च 2026 तक 90 प्रतिशत और सितंबर 2026 तक 75 प्रतिशत एटीएम से 500 रुपये के नोट मिलना बंद हो जाएंगे. तब भी सरकार ने इस खबर को पूरी तरह गलत बताया था.

गलत खबरों से सतर्क रहने की सलाह दी

पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने लोगों को चेतावनी दी है कि इस तरह की गलत और भ्रामक खबरें अक्सर लोगों को डराने या गुमराह करने के लिए फैलाई जाती हैं. खासतौर पर आर्थिक, बैंकिंग या करेंसी से जुड़ी खबरों पर ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है. सरकार ने साफ कहा है कि किसी भी तरह की जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसे आधिकारिक सरकारी या भरोसेमंद स्रोतों से जरूर जांच लें. जागरूक रहकर ही ऐसी अफवाहों को फैलने से रोका जा सकता है.

(इनपुट-एजेंसी के साथ)

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.