Saif Ali Khan Case: पब में नौकरी, बांग्लादेशी होने का शक... जानिए कौन है सैफ पर हमले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी?

Saif Ali Khan Stabbing: पुलिस ने बताया कि आरोपी गुरुवार को सतगुरु शरण बिल्डिंग में सैफ अली खान के 12वीं मंजिल स्थित अपार्टमेंट में डकैती के इरादे से घुसा था.

Published date india.com Updated: January 19, 2025 10:42 AM IST
Saif Ali Khan Case: पब में नौकरी, बांग्लादेशी होने का शक... जानिए कौन है सैफ पर हमले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी?

Saif Ali Khan Attack: मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी के रूप में महाराष्ट्र के ठाणे पश्चिम क्षेत्र से मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी को ठाणे पश्चिम के हीरानंदानी एस्टेट में टीसीएस कॉल सेंटर के पीछे मेट्रो निर्माण स्थल के पास एक श्रमिक शिविर में संयुक्त अभियान के दौरान की गई. पुलिस का कहना है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है.

अभिनेता सैफ अली खान को गुरुवार को बांद्रा स्थित उनके आवास में डकैती के इरादे से घुसे एक घुसपैठिये से संघर्ष करते समय चाकू के छह वार लगे. हमलावर मौके से भाग गया था, जिसके बाद अभिनेता के बेटे इब्राहिम अली खान उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल ले गए, जहां उनकी कई सर्जरी की गई.

कौन है सैफ पर हमले का मुख्य आरोपी?

सैफ अली खान, जो खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, अस्पताल में उपचाराधीन हैं. डीसीपी जोन 9 दीक्षित गेदाम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में हुई है और उसकी उम्र 30 साल है. उन्होंने बताया कि वह अभिनेता सैफ अली खान के घर में डकैती के इरादे से घुसा था.

गेदाम ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपी बांग्लादेशी है और अवैध रूप से भारत में घुसने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया था. उन्होंने बताया, ‘वह अपना वर्तमान नाम विजय दास रख रहा था. वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था. वह कुछ दिनों तक मुंबई में रहा और फिर मुंबई के आसपास के इलाकों में रहा. आरोपी एक हाउसकीपिंग एजेंसी में भी काम करता था. साथ ही मुंबई के एक पब में काम करता था. मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस उसे रविवार को रिमांड के लिए कोर्ट में पेश करेगी.

बदलता रहता है नाम

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मुंबई पुलिस ने कहा है कि आरोपी के कई नाम हैं जिनमें विजय दास, बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास शामिल हैं. ये अपने नाम बदलता रहता है. हमलावर सतगुरु शरण बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया, जहां अभिनेता सैफ अली खान और उनका परिवार रहता है.

12वीं मंजिल पर है सैफ का घर

डीसीपी जोन-9 दीक्षित गेदाम ने खुलासा किया था कि हमलावर ने सैफ के 12वीं मंजिल के अपार्टमेंट में जाने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया था. सैफ अली खान के घर की कर्मचारी एलियाम्मा फिलिप्स उर्फ ​​लीमा घटना के समय घर में मौजूद थीं और उन्होंने ही आरोपी को सबसे पहले देखा था.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

हमले के बाद मौके से भागा

उसे रोकने के लिए उन्होंने उसके साथ हाथापाई की, जिसके परिणामस्वरूप उनके हाथ में चोट लग गई. लीमा की चीख सुनकर सैफ अली खान अपने कमरे से बाहर निकल आए. जब ​​उन्होंने आरोपी से संघर्ष किया तो उसने अभिनेता पर धारदार चाकू से करीब छह बार वार किया. इसके बाद हमलावर मौके से भाग गया.

इस घटना के करीब छह घंटे बाद आरोपी गुरुवार सुबह करीब 9 बजे दादर में एक स्टोर से हेडफोन खरीदते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ. इससे पहले उसे बांद्रा रेलवे स्टेशन पर भी देखा गया था. इसके अलावा, सैफ अली खान की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने पुलिस को बताया कि आरोपी सैफ के साथ हाथापाई के दौरान ‘बहुत आक्रामक’ हो गया था और उसने अभिनेता को बार-बार चाकू मारा.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.