
Tanuja Joshi
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक... तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी ... और पढ़ें
Flight Passenger Urinates on Others: सोशल मीडिया पर फ्लाइट में हुई एक शर्मनाक घटना का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. नई दिल्ली से बैंकॉक जा रही एयर इंडिया (Air India) की एक फ्लाइट में ये घटना हुई थी. दरअसल, एक यात्री ने बिजनेस क्लास केबिन में दूसरे यात्रियों पर पेशाब कर दिया था. यह घटना 9 अप्रैल, 2025 को AI2336 फ्लाइट में हुई थी. जिसका वीडियो अब फिर से वायरल होने के बाद ऑनलाइन गुस्सा भड़क गया है. यात्री सुरक्षा और हवा में ऐसी स्थितियों को कैसे संभाला जाता है, इस बारे में असहज सवाल खड़े हो गए हैं.
इस पूरी घटना का खुलासा 23 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर शिवम राघव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से किया. शिवम, जो उस समय बिजनेस क्लास में अकेले सफर कर रहे थे, ने एक वीडियो साझा करते हुए इसे अपने जीवन का सबसे खराब अनुभव बताया. उन्होंने बताया कि वह अक्सर इस रूट पर यात्रा करते हैं, लेकिन इस बार थाई एयरवेज के बजाय एयर इंडिया की बिजनेस क्लास को आजमाने का फैसला उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ.
शिवम के अनुसार, बिजनेस क्लास के केबिन में एक यात्री अत्यधिक नशे की हालत में था. उसने अचानक खुद को एक्सपोज किया और पास बैठे अन्य यात्रियों पर पेशाब करना शुरू कर दिया. वीडियो में एक अन्य यात्री को केबिन क्रू से बहस करते सुना जा सकता है, जो कह रहा है, “वह हमारे सामने खुद को एक्सपोज कर रहा है, आप लोग क्या बात कर रहे हैं?”
शिवम ने हिंदी में रिकॉर्ड किए गए अपने वीडियो में बताया कि वह व्यक्ति वॉशरूम से बाहर निकला और वहीं खड़े होकर पेशाब करने लगा. स्थिति इतनी खराब थी कि एक सह-यात्री को अपने कपड़े तक बदलने पड़े. शिवम ने यह भी दावा किया कि सिर्फ केबिन ही नहीं, बल्कि वॉशरूम के फर्श पर भी गंदगी फैली हुई थी.
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू वह था जो लैंडिंग के बाद हुआ. शिवम का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद लैंडिंग के बाद उस यात्री के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं दिखी और वह सामान्य रूप से विमान से बाहर चला गया.
शिवम ने सवाल उठाया, “क्या यात्री सुरक्षा का कोई मूल्य नहीं है? दिल्ली-बैंकॉक रूट पर बिजनेस क्लास का एक तरफ का टिकट लगभग 80,000 रुपये का होता है. क्या इतना पैसा देने के बाद कोई भी यात्री कुछ भी करके बच सकता है?” उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि अगर वहां कोई महिला अकेले सफर कर रही होती, तो उसकी सुरक्षा और मानसिक स्थिति का क्या होता.
शिवम का वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और इसे 10 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है. सोशल मीडिया यूजर्स ने एयरलाइन की कार्यप्रणाली और केबिन क्रू की चुप्पी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. कई लोगों ने मांग की है कि ऐसे अनियंत्रित यात्रियों पर लाइफटाइम बैन लगाया जाना चाहिए.
कुछ यूजर्स ने प्रीमियम क्लास में परोसी जाने वाली शराब की मात्रा और उसके नियमों पर भी सवाल उठाए हैं. हालांकि, कुछ लोगों ने एयरलाइन का बचाव करते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति के संस्कार और व्यवहार का मामला है, जिसके लिए पूरी तरह एयरलाइन को दोष नहीं दिया जा सकता.
गौरतलब है कि एयर इंडिया में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में शंकर मिश्रा नामक यात्री द्वारा एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने का मामला महीनों तक सुर्खियों में रहा था.
भारत में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) एयर यात्रा के नियम लागू करता है. अगर कोई यात्री विमान में अनुचित, अश्लील या व्यवधान उत्पन्न करने वाला व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. DGCA के नियमों के तहत ऐसे यात्री को नो-फ़्लाई लिस्ट, बैन कर सकता है. साथ ही अन्य सजाओं का सामना करना पड़ सकता है.
अगर घटना ओब्ज़ीन एक्ट के दायरे में आती है तो स्थानीय पुलिस द्वारा आईपीसी के प्रावधान (जैसे सार्वजनिक अनुशासनहीनता) के तहत जुर्माना या जेल भी हो सकती है. बाद में अदालत में आरोपियों के खिलाफ मानहानि, आपराधिक बल प्रयोग, अश्लील व्यवहार इत्यादि के तहत अलग से सजा तय हो सकती है, जो केस के गंभीरता के हिसाब से बदलती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.