By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- India Hindi
- Speculation About My Replacement Politically Motivated Says Karnataka Cm Basavaraj Bommai
कर्नाटक: विधानसभा चुनाव से पहले पद से हटाए जाएंगे बसवराज बोम्मई? अटकलों पर सीएम ने खुद दिया जवाब
Karnataka Hindi News: बोम्मई छह अगस्त को संक्रमित पाए जाने के बाद से ही घर पर पृथक-वास में थे. भाजपा की राज्य इकाई के भीतर शीर्ष नेतृत्व सहित कई पदों पर बदलावों की अटकलें कई दिनों से हैं.
Karnataka Hindi News: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उनके पद पर किसी और को नियुक्त करने की खबरों को ‘निराधार’ और ‘झूठा’ करार देते हुए गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार स्थिर है और स्थिर ही बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि वह राज्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए कड़ी मेहनत से काम करते रहेंगे. कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के बाद आज अपनी नियमित दिनचर्या में लौटने के बाद इन अटकलों पर मुख्यमंत्री ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी.
कोरोना संक्रमित होने के बाद पृथक-वास में थे सीएम
बोम्मई छह अगस्त को संक्रमित पाए जाने के बाद से ही घर पर पृथक-वास में थे. भाजपा की राज्य इकाई के भीतर शीर्ष नेतृत्व सहित कई पदों पर बदलावों की अटकलें कई दिनों से हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राज्य की हालिया यात्रा के बाद से यह खबरें अधिक आ रही हैं. कांग्रेस द्वारा पिछले दो दिन में किए गए कई ट्वीट में बोम्मई को हटाए जाने, राज्य को जल्द तीसरा मुख्यमंत्री मिलने का दावा किया गया और बोम्मई को ‘दूसरों के इशारों पर चलने वाला मुख्यमंत्री’ भी कहा गया.
मैं स्थिर मन वाला व्यक्ति: सीएम बोम्मई
बोम्मई ने कहा, ‘यह काफी दिलचस्प है…कांग्रेस पहली बार ऐसे ट्वीट नहीं कर रही है. ऐसा प्रतीत होता है कि उनके दिमाग में कोई बात है जिसे वे राज्य के लोगों के बीच फैलाना चाहते हैं, लेकिन लोग उन पर विश्वास नहीं करेंगे.’ मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों पर कांग्रेस के ट्वीट के संदर्भ में किए एक सवाल के जवाब में बोम्मई ने कहा, ‘मैं एक स्थिर मन वाला व्यक्ति हूं, क्योंकि मैं सच्चाई से वाकिफ हूं. इस तरह की बातों का कोई आधार नहीं है, क्योंकि ये राजनीति से प्रेरित हैं.’
दो घंटे अधिक काम करुंगा
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि इस तरह की बातों से उनका मनोबल और बढ़ गया है और वह राज्य तथा उसके लोगों के लिए अधिक काम करने के लिए प्रेरित हैं. उन्होंने कहा, ‘आने वाले दिनों में, मैं एक दिन में दो घंटे अधिक काम करूंगा और राज्य के विकास के लिए अधिक समय दूंगा. मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए भी काम करूंगा और हम अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच कायम करने की कोशिश करेंगे.’
येदियुरप्पा के बाद बने सीएम
कांग्रेस के भीतर भी ट्वीट को लेकर दो राय होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उन पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और उनके दिमाग में चीज़ें स्पष्ट हैं. उन्होंने कहा, ‘यह सब झूठ है. सच यह है कि राज्य में एक स्थिर सरकार है और बनी रहेगी. मैंने और मेहनत से काम करने का संकल्प किया है.’ भाजपा के वरिष्ठ नेता बी. एस. येदियुरप्पा ने भी बुधवार को बोम्मई को हटाए जाने की अटकलों को खारिज कर दिया था और कहा था कि वह अपना कार्यकाल पूरा करेंगे. येदियुरप्पा के बाद मुख्यमंत्री बने बोम्मई के कार्यकाल को 28 जुलाई को एक साल पूरा हो गया था. (एजेंसी इनपुट्स)
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें