नई दिल्ली: केरल में आयी भीषण बाढ़ और इसके कारण प्रभावित लाखों लोगों के राहत एवं बचाव के लिए युद्ध स्तर पर हो रहे प्रयासों के बीच बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों की सरकारों और नेताओं ने शनिवार को आर्थिक सहायता की घोषणा की.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केरल के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा की है. नीतीश ने केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन को लिखे पत्र में कहा, ‘‘बाढ़ के दौरान होने वाली प्राकृतिक विभीषिका से होने वाली परेशानियों को बिहार के लोगों से ज्यादा बेहतर कोई नहीं जान सकता. बाढ़ प्रभावित इलाकों में पुनर्वास के कार्यों के लिए मैं मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 करोड़ रुपये का छोटा सा योगदान दे रहा हूं.’’
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवार दास ने केरल के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पांच करोड़ रुपये की राहत प्रदान करने की घोषणा की है. एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार केरल में बाढ़ की विकट स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए दास ने कहा कि राज्य के 3.25 करोड़ लोग संकट की इस घड़ी में केरल के लोगों के साथ हैं.
महाराष्ट्र सरकार ने केरल में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए 20 करोड़ रुपये की फौरी वित्तीय मदद की घोषणा की है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने एक ट्वीट के जरिये बताया कि उनकी सरकार केरल के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 20 करोड़ रुपये की फौरी सहायता जारी कर रही है.
केरल में जल प्रलय: 385 की मौत, शिविरों में 3.14 लाख लोग, ऑक्सीजन-खाद्य पदार्थों-पेयजल की कमी
गुजरात की सरकार ने केरल को दस करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की है जो करीब सौ वर्षों में सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है. गुजरात सरकार की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने केरल के लिए दस करोड़ रुपये के वित्तीय सहयोग की घोषणा की है.
यूएन ने केरल में बाढ़ के कारण हुई भारी तबाही पर जताया दुःख, कहा हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं
इधर, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने केरल के बाढ़ प्रभावित बच्चों के लिए तैयार 100 मीट्रिक टन तैयार भोजन के पैकेट रवाना किए हैं. मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय तेलंगाना सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि हैदराबाद से अनुपूरक पोषाहार ‘बालामुरूथम’ को 100 मीट्रिक टन की मात्रा में तिरूवंतपुरम भेजा जा सके.
पीएम मोदी ने केरल का किया हवाई सर्वे, 500 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा
इस बीच नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष एवं विधायक उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए अपने एक माह का वेतन दान करेंगे. उमर ने ट्वीट किया, ‘‘मैं केरल में राहत प्रयासों के लिए अपने इस माह का वेतन दान कर रहा हूं. मैं जेकेएनसी तथा जम्मू कश्मीर में अन्य लोगों से अपील करता हूं कि वह इस बात को याद करें कि 2014 में क्या हुआ था और अपने हिस्से का प्रयास करें.’’
केरल में बाढ़: NDRF का अब तक का सबसे बड़ा अभियान, राहत कार्य में लगी 58 टीमें
केरल में पिछले कुछ दिनों में अचानक आयी बाढ़ के कारण भीषण बाढ़ के चलते हुए विभिन्न घटनाओं में 194 लोगों की जान जा चुकी है. राज्य में आई प्रलयंकारी बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ ने अपना अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू किया है. एनडीआरएफ की 58 टीमें पूरे राज्य में राहत और बचाव कार्यों में लगी हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.