Street Dog Attacks: देश के अलग-अलग हिस्सों से अक्सर आवारा कुत्तों के आतंक की खबरें सामने आती रहती हैं. कई मामलों में तो लोगों की जान भी जा चुकी है. अब पंजाब के जालंधर से भी ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया है. जहां एक महिला को आवारा कुत्तों के आतंक का सामना करना पड़ा.
जालंधर शहर में एक बुजुर्ग महिला को कुत्तों ने घेरकर उसपर हमला कर दिया. खून से लथपथ महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, 65 साल की महिला गुरुद्वारा साहिब से अकेली लौट रही थी. इस दौरान उस रास्ते में सात से आठ स्ट्रीट डॉग्स ने चारों तरफ से घेर कर हमला कर दिया.
25 से ज्यादा जगह पर काटा
कुत्तों ने महिला को करीब 25 से ज्यादा जगह पर काटा है. कुत्तों के हमले से महिला नीचे गिर गई, जिससे उसके सिर में भी चोट आई है. कुत्तों के हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें देखा जा सकता है महिला को कुत्तों ने चारों तरफ से घेर लिया है और वह उनसे बचने का प्रयास कर रही है. इंटरनेट यूजर्स ने वीडियो पर आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की है.
युवक ने मौके पर पहुंचकर कुत्तों को भगाया
यह घटना सतगुरु कबीर चौक के पास स्थित दूरदर्शन एनक्लेव फेज-2 के पास की है. कुत्तों ने बुजुर्ग को शरीर के कई हिस्सों पर काटा है. बुजुर्ग महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़िता के पति ने कहा कि कॉलोनी में छत पर धूप में बैठे एक युवक ने मौके पर पहुंचकर और कुत्तों को भगाया.
महिला का इलाज जारी
उनके साथ एक अन्य युवक और कश्मीरी शख्स ने खून से लथपथ बुजुर्ग को घर पहुंचाया. उन्होंने बताया कि वह उन्हें लेकर निजी अस्पताल गए थे, लेकिन कुत्तों के काटने का मामला होने के कारण महिला को सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां महिला का इलाज चल रहा है. कुत्तों के काटने से रेबीज होने का खतरा होता है. रिपोर्ट के अनुसार, रेबीज एक जानलेवा बीमारी है. रेबीज बीमारी नसों और मस्तिष्क को प्रभावित करती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.